बीएचयू के डीडीयू कौशल केंद्र में वोकेशनल लिट फेस्ट 2026 की शुरूआत
प्रथम दिवस पर कविता लेखन एवं पाठ, लघुकथा लेखन
वाराणसी,07 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के राजीव गांधी दक्षिणी परिसर बरकछा के दीनदयाल उपाध्याय कौशल केंद्र कला संकाय की ओर से आयोजित “वोकेशनल लिट फेस्ट 2026” की शुरूआत सोमवार से हुई। परिसर के केंद्रीयकृत प्रयोगशाला परिसर में 10 सितंबर तक चलने वाले चार दिवसीय महोत्सव में पहले दिन कविता लेखन एवं पाठ, लघुकथा लेखन, वाद-विवाद, एक्सटेम्पोर, क्विज, ओपन माइक एवं स्पोकन वर्ड जैसी प्रतियोगिताएं एवं गतिविधियां आयोजित की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बीएचयू कुलसचिव राजन श्रीवास्तव शामिल हुए। एससीआरबी ओडिशा की डीआईजी पारूल गुप्ता ने भी विद्यार्थियों और प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। आचार्य प्रभारी (दक्षिणी परिसर) प्रोफेसर बी. एम. एन. कुमार भी मौजूद रहे। केंद्र के समन्वयक डॉ. आर. एस. मिश्रा ने बताया कि चार दिवसीय यह महोत्सव साहित्य, रचनात्मकता, व्यावसायिक कौशल, उद्यमिता एवं सांस्कृतिक अभिव्यक्ति को समर्पित है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को सीखने, सृजन करने, अभिव्यक्त करने और प्रेरित होने के लिए एक जीवंत एवं रचनात्मक मंच प्रदान करना है। लिट फेस्ट 2026 में डीडीयू कौशल केंद्र, आरजीएससी, बीएचयू के सभी छह पाठ्यक्रमों के स्नातक एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों की सहभागिता है। इनमें फूड प्रोसेसिंग एंड मैनेजमेंट, हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज्म मैनेजमेंट, रिटेल एंड लॉजिस्टिक्स मैनेजमेंट, मेडिकल लेबोरेटरी टेक्नोलॉजी, मॉडर्न ऑफिस मैनेजमेंट तथा फैशन टेक्नोलॉजी एंड अपैरल डिजाइन शामिल हैं।
महोत्सव के दूसरे दिन विद्यार्थियों के लिए विभागीय कौशल प्रदर्शन, क्रिएटिव विज्ञापन प्रतियोगिता एवं बिजनेस आइडिया पिच का आयोजन होगा। तीसरे दिन उद्यमिता मेला, फूड स्ट्रीट, उत्पाद प्रदर्शनी, ट्रेजर हंट एवं सांस्कृतिक प्रतिभा मंच प्रमुख आकर्षण होंगे। महोत्सव के चौथे एवं अंतिम दिन नुक्कड़ नाटक, प्रतिभागियों की प्रतिक्रिया एवं समापन चिंतन, इसके पश्चात समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा।------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

