बीएचयू में त्वरित एवं प्रभावी संवाद की पहल: सभी विद्यार्थियों को आधिकारिक डोमेन पर मिलेगा ई-मेल आईडी
—डोमेन ई-मेल विद्यार्थियों को विश्वसनीय एवं प्रामाणिक डिजिटल पहचान प्रदान करेगा
वाराणसी,10 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) प्रशासन ने विद्यार्थियों से त्वरित एवं प्रभावी संवाद,सुविधापूर्ण परिसर अनुभव प्रदान करने के लिए बड़ी पहल की है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के आधिकारिक डोमेन पर ई-मेल आईडी उपलब्ध कराने की शुरूआत की है। यह निर्णय संस्थान के भीतर विभिन्न हितधारकों के बीच निर्बाध एवं प्रभावी संवाद तथा आंतरिक संस्थागत सहभागिता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से लिया गया है।
विश्वविद्यालय के कंप्यूटर सेंटर के समन्वयक प्रो. राजेश कुमार ने शुक्रवार को बताया कि काशी हिन्दू विश्वविद्यालय देश के उन चुनिंदा केंद्रीय विश्वविद्यालयों में से है, जो अपने सभी विद्यार्थियों को यह सुविधा उपलब्ध करा रहा है। इस पहल से विद्यार्थियों एवं संकाय तथा प्रशासन के बीच संवाद अधिक प्रभावी होने की अपेक्षा है तथा उत्तरदायित्व की भावना को भी बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, विद्यार्थियों को व्यक्तिगत ई-मेल सेवाओं की तुलना में उन्नत सुरक्षा सुविधाएँ एवं बेहतर स्पैम सुरक्षा का लाभ प्राप्त होगा। उन्होंने बताया कि ई-मेल आईडी विद्यार्थियों के समर्थ पोर्टल पर उपलब्ध विवरणों के आधार पर तैयार की जाएंगी। इस व्यवस्था के क्रियान्वयन से संबंधित सभी तकनीकी प्रक्रियाओं की देखरेख कंप्यूटर सेंटर द्वारा की जाएगी। इसके लिए विश्वविद्यालय द्वारा अतिरिक्त गूगल वर्कस्पेस लाइसेंस एवं क्लाउड स्टोरेज की व्यवस्था भी की गयी है।
प्रो.राजेश कुमार के अनुसार ,इस व्यवस्था के अंतर्गत अब सभी विद्यार्थियों को bhu.ac.in डोमेन पर ई-मेल अकाउंट प्रदान किए जाएंगे। अब तक विश्वविद्यालय डोमेन ई-मेल आईडी संकाय सदस्यों, कर्मचारियों तथा पीएचडी शोधार्थियों को अनुरोध के आधार पर जारी की जाती थी। अब यह सुविधा औपचारिक रूप से सभी विद्यार्थियों को दी जा रही है, जिससे लगभग 18,000 से 20,000 विद्यार्थी लाभान्वित होंगे। यह पहल आधिकारिक ई-मेल आईडी के माध्यम से संवाद को प्रोत्साहित करने की दिशा में विश्वविद्यालय के प्रयासों का हिस्सा है, जिससे संवाद अधिक सुचारु, प्रामाणिक एवं सुरक्षित होगा। bhu.ac.in डोमेन ई-मेल विद्यार्थियों को एक विश्वसनीय एवं प्रामाणिक डिजिटल पहचान प्रदान करेगा। साथ ही, इसके माध्यम से स्नातक, परास्नातक, विज्ञान, कला, मानविकी अथवा अन्य श्रेणियों के आधार पर ई-मेल समूह बनाकर लक्षित एवं विषय-विशिष्ट संवाद संभव हो सकेगा। यह सुविधा समय एवं भौगोलिक दूरी की सीमाओं से परे चौबीसों घंटे संस्थागत संवाद सुनिश्चित करेगी, जिससे महत्वपूर्ण सूचनाओं का त्वरित प्रसार तथा आवश्यक मामलों का समयबद्ध समाधान संभव हो पाएगा। इसके साथ ही विश्वविद्यालय की महत्वपूर्ण सूचनाएँ विद्यार्थियों की बीएचयू डोमेन ई-मेल आईडी पर सीधे भेजी जाएँगी। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों के लिए किसी कार्यालय में भौतिक रूप से उपस्थित हुए बगैर अपने विषयों का समाधान पाना संभव हो सकेगा, फिर चाहे वह विभागाध्यक्ष कार्यालय हो, संकाय प्रमुख अथवा परीक्षा नियंता कार्यालय।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि यह पहल विद्यार्थियों को उनके शिक्षकों, विभागों तथा विश्वविद्यालय से और अधिक निकटता से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के लिए विश्वविद्यालय की नीतियों, महत्वपूर्ण निर्णयों एवं नवीनतम सूचनाओं के प्रति अधिक जागरूक होना आवश्यक है, वहीं संकाय सदस्यों के लिए भी विद्यार्थियों की समस्याओं से बेहतर रूप से अवगत होना उतना ही महत्वपूर्ण है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

