home page

बीएचयू की काजल यादव ने रचा इतिहास, खेलो इंडिया के लिए क्वालीफाई करने वाली पहली छात्रा बनीं

 | 
बीएचयू की काजल यादव ने रचा इतिहास, खेलो इंडिया के लिए क्वालीफाई करने वाली पहली छात्रा बनीं


उपलब्धि पर महिला बॉक्सिंग की चेयरपर्सन डॉ. सरिता परिहार ने दी बधाई

वाराणसी, 13 मार्च (हि.स.)। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) की छात्रा काजल यादव ने बॉक्सिंग खेल में शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया है। उन्होंने 45–48 किलोग्राम भार वर्ग में मेजबान लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) की खिलाड़ी को पराजित कर खेलो इंडिया के लिए क्वालीफाई किया। इसके साथ ही वह इस उपलब्धि को हासिल करने वाली बीएचयू की पहली महिला खिलाड़ी बन गई हैं।

काजल यादव वर्तमान में बीएचयू साई हॉस्टल में रहकर नियमित प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। अपनी इस सफलता का श्रेय उन्होंने कोच एम.एस. पूजा यादव, रमेश कुमार और नरेंद्र बिष्ट को दिया, जिनके मार्गदर्शन में उन्होंने लगातार मेहनत और अभ्यास किया। बीएचयू बॉक्सिंग के प्रभारी डॉ. वैभव राय ने बताया कि काजल यादव बॉक्सिंग के क्षेत्र में खेलो इंडिया के लिए क्वालीफाई करने वाली पहली महिला खिलाड़ी बन गई हैं, जो विश्वविद्यालय के लिए अत्यंत गर्व की बात है। महिला बॉक्सिंग की चेयरपर्सन डॉ. सरिता परिहार ने इस उपलब्धि पर काजल यादव को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। वहीं, विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद के महासचिव प्रोफेसर ए.के. नेमा ने इसे विश्वविद्यालय के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए काजल यादव को बधाई दी। साथ ही उन्होंने डॉ. वैभव राय को भी बधाई देते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय में बॉक्सिंग का स्तर लगातार ऊँचा हो रहा है और खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी