home page

राष्ट्रीय युवा महोत्सव में भाग लेने के लिए बीएचयू की टीम चेन्नई रवाना, प्रतिभागियों में उत्साह

 | 
राष्ट्रीय युवा महोत्सव में भाग लेने के लिए बीएचयू की टीम चेन्नई रवाना, प्रतिभागियों में उत्साह


वाराणसी, 09 मार्च (हि.स.)। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) की टीम चेन्नई में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय युवा महोत्सव में भाग लेने के लिए सोमवार को रवाना हो गई। 10 से 14 मार्च तक चेन्नई में होने वाले इस महोत्सव में बीएचयू की टीम विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेगी और काशी हिंदू विश्वविद्यालय तथा उत्तर मध्य क्षेत्र का नेतृत्व करेगी। विश्वविद्यालय के जनसम्पर्क कार्यालय ने यह जानकारी दी।

कार्यालय के अनुसार पिछले दिनों महर्षि मार्कंडेय विश्वविद्यालय अंबाला, हरियाणा में आयोजित क्षेत्रीय युवा महोत्सव में पांच विभिन्न कैटेगरी संगीत, नृत्य फाइन आर्ट्स, लिटरेरी और ड्रामा के के लगभग 28 प्रतियोगिताओं में विश्वविद्यालय की टीम ने भाग लेते हुए 15 विधाओं में पदक प्राप्त किए थे। विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण अध्यक्ष प्रोफेसर रंजन कुमार सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय युवा महोत्सव में देश भर के के लगभग 155 से भी ज्यादा विश्वविद्यालय हिस्सा ले रहे हैं।

काशी हिंदू विश्वविद्यालय सांस्कृतिक दल का नेतृत्व पत्रकारिता और जन संप्रेषण विभाग के उपाचार्य डॉ बाला लखेन्द्र कर रहे हैं। विश्वविद्यालय की टीम महोत्सव के दौरान उत्तर प्रदेश के पारंपरिक लोक नृत्य और काशी के सांस्कृतिक धरोहर पर आधारित झांकी की प्रस्तुति के साथ काशी के गौरव का बखान करते हुए अपना बेहतर प्रदर्शन करने के लिए संकल्पित है।

राष्ट्रीय युवा महोत्सव में काशी हिंदू विश्वविद्यालय की टीम संगीत संवर्ग में शास्त्रीय संगीत और सुगम संगीत, लिटरेरी संवर्ग में क्विज तथा हिंदी वाद विवाद एवं फाइन आर्ट्स संवर्ग में ऑन स्पॉट पेंटिंग और पोस्टर प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी ।

बताते चले उत्तर मध्य क्षेत्र युवा महोत्सव में 15 से भी ज्यादा प्रतियोगिताओं में काशी हिंदू विश्वविद्यालय की टीम को स्वर्ण पदक रजत पदक और कांस्य पदक प्राप्त हुए थे। विश्वविद्यालय के शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक दल के विजयी होने की कामना के साथ उन्हें छात्र कल्याण कार्यालय से विदा किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी