राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने भारत टैक्सी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
—बोले—किसान खुशहाल तो देश खुशहाल,मुख्यमंत्री किसान समृद्धि योजना और भारत टैक्सी के शुभारंभ का लाइव प्रसारण
वाराणसी, 23 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में मुख्यमंत्री किसान समृद्धि योजना एवं भारत टैक्सी के शुभारंभ कार्यक्रम का बुधवार को कमिश्नरी सभागार में सजीव प्रसारण किया गया। प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण कमिश्नरी सभागार में मौजूद अतिथियों, अधिकारियों के साथ किसानों ने भी देखा।
इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एमएसएमई राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि देश की खुशहाली का रास्ता किसानों की संपन्नता से होकर गुजरता है। उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन और सजीव प्रसारण की सराहना करते हुए जिला सहकारी फेडरेशन (डीसीएफ) के अध्यक्ष राकेश सिंह अलगू को बधाई दी। राज्यमंत्री ने कहा कि सहकारिता एक सशक्त माध्यम है और इसे हर हाथ तथा हर घर तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने शासन द्वारा किसानों को छह प्रतिशत ब्याज दर पर छह लाख रुपये तक दीर्घकालीन ऋण उपलब्ध कराने तथा सहकारी टैक्सी सेवा शुरू किए जाने के निर्णय को क्रांतिकारी कदम बताते हुए इसकी सराहना की। भारतीय जनता पार्टी के स्थानीय जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल ने प्रदेश सरकार द्वारा सहकारिता और किसानों की उन्नति के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी साझा की।
उन्होंने विश्वास जताया कि सहकारी समितियां इसी तरह निरंतर प्रगति करती रहेंगी। समारोह में एमएलसी धर्मेंद्र सिंह, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया एवं जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष डॉ. सुजीत सिंह ने भी विचार व्यक्त किए। संयुक्त आयुक्त सोमी सिंह एवं अन्य अतिथियों ने कार्यक्रम में आए प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया । कार्यक्रम के बाद मुख्य अतिथि हंसराज विश्वकर्मा ने भारत टैक्सी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

