home page

वाराणसी: जन कल्याण शिविर में 18 विभागों ने लगाए स्टॉल, लाभार्थियों को लाभ दिलाने की पहल

 | 
वाराणसी: जन कल्याण शिविर में 18 विभागों ने लगाए स्टॉल, लाभार्थियों को लाभ दिलाने की पहल


— लोगों को चिन्हित कर लाभान्वित किया जा रहा : रविन्द्र जायसवाल

वाराणसी, 27 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी काशी के सांसद एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित “सेवा संकल्प अभियान” के तहत रविवार को लहरतारा में जन कल्याण शिविर लगाया गया। वाराणसी शहर उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के लहरतारा स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में शिविर का शुभारंभ राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार रविन्द्र जायसवाल ने किया। जन कल्याण शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से कुल 18 स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही पात्र एवं वंचित लोगों को योजनाओं से जोड़ने के लिए मौके पर ही आवेदन फार्म भरवाए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, विधवा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, आधार कार्ड सहित विभिन्न योजनाओं से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। आवश्यकतानुसार दवाओं का वितरण किया गया। मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने नौनिहाल का अन्नप्राशन कराया और गर्भवती महिलाओं व बच्चों में फल वितरित किए। इसके साथ ही क्षेत्र में सेवाएं प्रदान कर रहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और जरूरतमंदों की समस्याओं के समाधान के लिए ऐसे शिविरों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से कोई भी पात्र व्यक्ति वंचित न रहने पाए, इसी को सुनिश्चित करने के लिए जन कल्याण शिविर लगाकर लोगों को चिन्हित कर लाभान्वित किया जा रहा हैं। शिविर में भाजपा के मंडल अध्यक्ष मनोज सोनकर, पार्षद संजू सरोज, पार्षद सिद्धनाथ शर्मा, राकेश जायसवाल, भरत गुप्ता आदि ने भी भागीदारी की।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी