home page

भाजपा स्थापना दिवस : वाराणसी में कार्यकर्ताओं ने लिया ‘विकसित भारत 2047’ का संकल्प

 | 
भाजपा स्थापना दिवस : वाराणसी में कार्यकर्ताओं ने लिया ‘विकसित भारत 2047’ का संकल्प


वाराणसी, 06 अप्रैल (हि.स.) l भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को वाराणसी में वृहद कार्यक्रम का आयोजन किया गयाl कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में उत्साह के साथ शामिल हुए।

पार्टी के सिगरा गुलाब बाग स्थित कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में वाराणसी महानगर की कोषाध्यक्ष डॉ. अर्चना अग्रवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की स्थापना वर्ष 1980 में हुई थी और तब से लेकर आज तक पार्टी ने एक लंबा और संघर्षपूर्ण सफर तय किया है। उन्होंने कहा कि आज देशभर में करोड़ों कार्यकर्ता इस दिन को गर्व और उत्साह के साथ मना रहे हैं।

उन्होंने पार्टी की शुरुआती स्थिति को याद करते हुए कहा कि एक समय ऐसा भी था जब भाजपा के पास केवल दो सीटें थीं, लेकिन उस समय भी देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने विश्वास के साथ कहा था कि “अँधेरा छँटेगा, सूरज निकलेगा, कमल खिलेगा।” आज वह भविष्यवाणी सच होती नजर आ रही है और पूरे देश में भाजपा मजबूत स्थिति में है।

डॉ. अग्रवाल ने पार्टी नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति कर रहा है। साथ ही वाराणसी में पार्टी के महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरी के नेतृत्व में संगठन और अधिक मजबूत हुआ है।

इस अवसर पर पार्टी का ध्वजारोहण किया गया और उन वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने वर्षों तक पार्टी की सेवा में अपना योगदान दिया। कार्यक्रम में सभी कार्यकर्ताओं का मुँह मीठा कराया गया और मिष्ठान वितरण कर इस दिन को उत्सव के रूप में मनाया गया।

कार्यक्रम में सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को दोहराया और देश को आत्मनिर्भर एवं विकसित बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का प्रण लिया।------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी