home page

दक्षिण कोरिया की कंपनी के प्रबंध निदेशक ने बरेका में किया दौरा,स्टैंडर्ड गेज लोकोमोटिव निर्माण क्षमता देखी

 | 
दक्षिण कोरिया की कंपनी के प्रबंध निदेशक ने बरेका में किया दौरा,स्टैंडर्ड गेज लोकोमोटिव निर्माण क्षमता देखी


वाराणसी,02 जुलाई (हि.स.)। रिपब्लिक ऑफ कोरिया की कंपनी मेसर्स ए.आर.ए. ब्रिज लिमिटेड के प्रबंध निदेशक शियुंग पार्क मेसर्स राइट्स लिमिटेड के अधिकारियों के साथ गुरूवार को बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में पहुंचे। प्रबंध निदेशक शियुंग पार्क और मेसर्स राइट्स लिमिटेड के अधिकारियों के प्रतिनिधि मंडल ने बरेका कारखाना में स्टैंडर्ड गेज लोकोमोटिव निर्माण क्षमता का आकलन किया। इस दौरान मेसर्स जे.सी.एल. इन्फ्रा इंडिया के प्रबंध निदेशक विश्व वासु गुप्ता भी उपस्थित रहे।

इसके पहले प्रतिनिधिमंडल का स्वागत मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (उत्पादन एवं विपणन) राम जन्म चौबे ने किया। इस अवसर पर राइट्स के महाप्रबंधक संजय कुमार एवं सहायक प्रबंधक रोहित कुमार सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। प्रतिनिधि मंडल के दौरे की शुरुआत प्रशासन भवन स्थित कीर्ति कक्ष में आयोजित बैठक से हुई, जहां मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (उत्पादन एवं विपणन) राम जन्म चौबे तथा मुख्य अभिकल्प इंजीनियर (डीजल) प्रवीण कुमार ने पावर प्वाइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से बरेका की उपलब्धियों, तकनीकी प्रगति, लोकोमोटिव उत्पादन, वैश्विक निर्यात, आधुनिक विनिर्माण क्षमता तथा लोकोमोटिव निर्माण प्रक्रिया के विभिन्न तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। बैठक में उप मुख्य विपणन प्रबंधक अरविंद कुमार सहित बरेका के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के बाद प्रतिनिधिमंडल ने ट्रक मशीन शॉप, लोको फ्रेम शॉप, लोको असेंबली शॉप, लोको टेस्ट शॉप, लाइट मशीन शॉप, सब-असेंबली शॉप, इंजन इरेक्शन शॉप तथा इंजन टेस्ट शॉप सहित विभिन्न उत्पादन इकाइयों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्हें लोकोमोटिव निर्माण के विभिन्न चरणों, अत्याधुनिक विनिर्माण सुविधाओं तथा बरेका की डिजाइन एवं उत्पादन क्षमताओं से अवगत कराया गया। प्रतिनिधिमंडल ने बरेका की आधुनिक उत्पादन अवसंरचना, तकनीकी दक्षता तथा उच्च गुणवत्ता वाली निर्माण सुविधाओं की सराहना की। इस दौरे को भविष्य में संभावित औद्योगिक व्यावसायिक अवसरों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने बरेका के प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेक शील से शिष्टाचार भेंट भी की। कार्यक्रम के समापन पर मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (उत्पादन एवं विपणन) ने प्रबंध निदेशक शियुंग पार्क को स्मृति-चिह्न स्वरूप बरेका द्वारा निर्मित लोकोमोटिव मॉडल भेंट कर सम्मानित किया।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी