home page

श्री श्री १००८ बाबा महाश्मसान नाथ का त्रिदिवसीय श्रृंगार महोत्सव, मां काली के साथ विशेष श्रृंगार

 | 
श्री श्री १००८ बाबा महाश्मसान नाथ का त्रिदिवसीय श्रृंगार महोत्सव, मां काली के साथ विशेष श्रृंगार


—स्थानीय गायकों ने बाबा के विग्रह के समक्ष भोजपुरी लोकगीतों की दी प्रस्तुति

वाराणसी, 24 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी के मणिकर्णिकाघाट पर स्थित श्री श्री 1008 बाबा महाश्मसान नाथ के त्रि—दिवसीय वार्षिक श्रृंगार महोत्सव में दूसरे दिन मंगलवार को बाबा की मध्यान भोग आरती की गई। इसके बाद बाबा को पक्के भोजन और मीठे का भोग लगाकर भंडारे का आयोजन किया गया।

वासंतिक चैत्र नवरात्र के पंचमी तिथि से आरम्भ बाबा के श्रृंगार महोत्सव में सांयकाल बाबा का फिर भव्य श्रृंगार किया गया। जिसमें बेल पत्र व सुगंधित पुष्प मंदिर के गर्भगृह में लगाए गए। चैत्र नवरात्र के कारण बाबा को शिव व शक्ति का एकाकार स्वरूप मानते हुए माता मशान काली के साथ विशेष श्रृंगार किया गया। बाबा का यह अद्भुत स्वरूप देखते ही बन रहा था। श्रृंगार के पश्चात भव्य आरती की गयी ।

त्रि—दिवसीय श्रृंगार महोत्सव से जुड़े अध्यक्ष चैनू प्रसाद गुप्ता और मंदिर के व्यवस्थापक गुलशन कपूर ने बताया कि महोत्सव के दूसरी निशा में स्थानीय भोजपुरी भजन गायकों ने बाबा के दरबार में अपने साधना और सुर से हाजिरी लगाई। बाबा के भक्त भी भोजपुरी भजनों पर झूमते रहे। पदाधिकारियों ने बताया कि महोत्सव की तीसरी निशा में बुधवार शाम तांत्रोक्त विधि से बाबा का पूजन अभिषेक होगां इसके बाद नगर वधूओं की नृत्यांजली रात्रि पर्यंत चलेगा।

गुलशन कपूर के अनुसार मोक्षतीर्थ मणिकर्णिकाघाट पर चल रहे नव निर्माण कार्य की वजह से स्थान का अभाव है। और कई तरह की समस्या है। जिसमें स्थानीय प्रशासन एवं नगर निगम का कोई सहयोग नहीं मिल रहा। इस कारण सभी आयोजन मंदिर प्रांगण में ही होगा। भक्तों से अनुरोध हैं कि वो समय से सुरक्षा का ध्यान रखते हुए ही आए।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी