home page

वाराणसी: श्री काशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार पर गूंजा हमारा संविधान – हमारा स्वाभिमान

 | 
वाराणसी: श्री काशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार पर गूंजा हमारा संविधान – हमारा स्वाभिमान


—गंगा द्वार पर जागरूक अभियान,संदेश: भारतीय संविधान पर्यावरण की रक्षा और संवर्धन के लिए प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य निर्धारित करता है

वाराणसी, 26 नवम्बर (हि.स.)। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को उत्तर प्रदेश के वाराणसी में श्री काशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार पर नमामि गंगे की ओर से भारतीय संविधान और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान लोगों को संविधान में निहित पर्यावरण संरक्षण के दायित्वों की जानकारी देते हुए प्रकृति, नदियों, जंगलों, झीलों और वन्यजीवों की रक्षा का संकल्प दिलाया गया।

अभियान में नमामि गंगे की टीम ने संदेश दिया कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को प्राकृतिक पर्यावरण के संरक्षण और संवर्धन के प्रति जिम्मेदार बनाता है। संविधान के अनुच्छेद 51(क)(छ) यानी 51-A(g) के तहत प्रत्येक नागरिक का मूल कर्तव्य है कि वह वन, झील, नदी और वन्यजीवों सहित प्राकृतिक पर्यावरण की रक्षा करे तथा उसका संवर्धन करे। साथ ही सभी जीवों के प्रति करुणा का भाव रखे।

इस अवसर पर नागरिकों ने भारतीय संविधान की तस्वीर और राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लेकर 'हमारा संविधान-हमारा स्वाभिमान' का उद्घोष किया। साथ ही संविधान के प्रति सच्ची श्रद्धा और निष्ठा रखने तथा पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।

नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराया और उपस्थित लोगों को शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान में निहित पर्यावरण संरक्षण के प्रावधानों और सरकार के आधुनिक प्रयासों के साथ जनसहभागिता का संगम ही गंगा के कायाकल्प का आधार है। गंगा की अविरल और निर्मल धारा सुनिश्चित करने के लिए संवैधानिक दायित्वों के प्रति जागरूकता और सामूहिक प्रयास बेहद जरूरी हैं।

उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक कर्तव्य है। नदियों को स्वच्छ रखना, जलस्रोतों का संरक्षण करना और जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाना हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है। अभियान में रविंद्र पाण्डेय, साकेत, रोहित मिश्रा, रिया, आरती, जय शाहा, रमन नायडू सहित बड़ी संख्या में नागरिकों और पर्यटकों ने सहभागिता की।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी