home page

उत्तर प्रदेश में विस्तार की तैयारी में सत्य साई संजीवनी अस्पताल समूह वाराणसी में भी खुलेगा

 | 
उत्तर प्रदेश में विस्तार की तैयारी में सत्य साई संजीवनी अस्पताल समूह वाराणसी में भी खुलेगा


वाराणसी, 13 जून (हि.स.)। नई रायपुर स्थित श्री सत्य साई संजीवनी अस्पताल समूह उत्तर प्रदेश में भी अपनी सेवाओं के विस्तार के लिए तैयारी में है। बच्चों के हृदय रोग उपचार के क्षेत्र में देश में मॉडल बनकर उभरे इस अस्पताल समूह में उत्तर प्रदेश से आने वाले मरीजों की संख्या सबसे अधिक रही है। राज्य से अब तक 1,00,363 ओपीडी मरीज तथा 11,571 कार्डियक सर्जरी मरीज पंजीकृत हुए हैं। रायपुर केंद्र में उपचार कराने आने वाले बच्चों में लगभग 30–35 प्रतिशत मरीज उत्तर प्रदेश से होते हैं। शनिवार को यह जानकारी अस्पताल के प्रचार—प्रसार से जुड़े अजॉय कुमार श्राप ने दी।

उन्होंने बताया कि रामनगरी अयोध्या के बाद वाराणसी में भी समूह अस्पताल खोलने की तैयारी में है। रविवार को समूह के चेयरमैन डॉ सी. श्रीनिवास अस्पताल के विस्तार को लेकर वाराणसी में मीडिया से रूबरू होंगे। अजॉय कुमार के अनुसार वर्ष 2012 में नई रायपुर से शुरू हुआ यह संस्थान पूरी तरह निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं के सिद्धांत पर कार्य कर रहा है और अब उत्तर प्रदेश में भी अपनी सेवाओं के विस्तार की दिशा में आगे बढ़ रहा है। संस्थान “सबसे प्रेम, सबकी सेवा” के दृष्टिकोण के साथ जाति, धर्म, आर्थिक स्थिति और राष्ट्रीयता से परे सभी मरीजों को निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराता है। अस्पताल में पंजीकरण, जाँच, सर्जरी, दवाइयाँ और भर्ती से लेकर छुट्टी तक किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाता। संस्थान का उद्देश्य केवल इलाज तक सीमित नहीं है, बल्कि जन्मजात हृदय रोगों का बोझ कम करना, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाना तथा एक स्वस्थ भारत के निर्माण में योगदान देना भी है।

—10 जून 2026 तक की समूह की उपलब्धियाँ

- कुल पंजीकृत मरीज: 3,78,419

- कुल कार्डियक उपचार: 42,853

- सर्जरी: 27,697

- कैथ इंटरवेंशन: 15,153

- माँ एवं बाल अस्पताल में कुल प्रसव: 12,579

अयोध्या स्थित केंद्र के माध्यम से अब तक 16.85 लाख से अधिक तीर्थयात्रियों को निःशुल्क परामर्श और दवाएँ उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश की बड़ी आबादी और जन्मजात हृदय रोग से जुड़ी चुनौतियों को देखते हुए राज्य में सेवाओं के विस्तार की आवश्यकता महसूस की गई है। इसी दिशा में संस्थान राज्य सरकार और समाज के सहयोग से आगे बढ़ने की तैयारी कर रहा है। सरकार, समाज, मीडिया और सेवा संस्थाओं की संयुक्त भागीदारी से ही इस जनहितकारी प्रयास को व्यापक स्तर पर सफल बनाया जा सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी