home page

बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए अमरनाथ जाने वाले श्रद्धालुओं के सेवा में जुटेंगे काशी के युवा

 | 

—आधार शिविर चंदनबाड़ी में,सेवा कार्य के लिए सेवादारों का पहला जत्था 20 जून को ही हुआ रवाना

वाराणसी,26 जून (हि.स.)। बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं की सेवा में धर्म नगरी काशी के युवा प्रतिवर्ष की भांति चंदनबाड़ी (जम्मू—कश्मीर)में शिविर लगाएंगे। तीन जुलाई से रक्षाबंधन तक चलने वाले इस शिविर में सेवा कार्य के लिए सेवादारों का पहला जत्था चंदनबाड़ी के लिए 20 जून को ही रवाना हो गया। श्री बाबा काशी विश्वनाथ सेवा समिति के 70 सेवादार चंदनवाड़ी में विशाल सेवा शिविर और भंडारा चलाएंगे। समिति के अध्यक्ष दिलीप सिंह बंटी ने शुक्रवार को यहां आयोजित पत्रकार वार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शिविर में इस बार अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले शिवभक्तों को काशी का खास व्यंजन और मिठाइयों के साथ प्रसिद्ध पूड़ी-कचौड़ी, गरम जलेबी, ठंडाई और बनारसी पान निःशुल्क परोसा जाएगा। दिलीप सिंह बंटी ने बताया कि श्रद्धालुओं को बनारसी व्यंजनों के साथ-साथ दक्षिण भारतीय, गुजराती और पंजाबी भोजन भी खिलाया जाएगा। शिविर में 1000-1500 श्रद्धालुओं के लिए प्रतिदिन भोजन की व्यवस्था की जाएगी। शिविर में लगभग 300 यात्रियों के ठहरने, गर्म कपड़े, शॉल और मोजे की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। उन्होंने बताया कि शिविर में सेवा कार्य के लिए सेवादारों का पहला जत्था 20 जून को रवाना हो चुका है। शेष 70 सेवादार 28 जून को वाराणसी से ट्रेन के जरिए चंदनवाड़ी पहुंचेंगे। इनमें रसोइये, पदाधिकारी और स्वयंसेवक शामिल हैं।

दिलीप सिंह बंटी ने बताया कि पहला जत्था चंदनबाड़ी पहुंचकर कैम्प लगाने का काम भी शुरू कर दिया है। पहलगाम हादसा का कोई डर जाने वाले शिव के भक्तो में नहीं है, उन्होंने बताया की किसी को भी डरने के जरुरत नहीं है, यात्रा में सुरक्षा व्यवस्था पहले से अधिक की गयी है। जिन श्रद्धालुओं का रजिस्ट्रेशन नहीं है। उनके लिए पहलगाम, जम्मू, श्रीनगर में ऑन स्पॉट रजिस्ट्रेशन व्यवस्था की गई है। यात्री जाना चाहते है तो इन जगहों से भी रजिस्ट्रेशन कर यात्रा पर जा सकते है। उन्होंने कहा कि चन्दनबाड़ी कश्मीर में इस बार तीन गुना अधिक यात्री आएंगे। इस बार बनारस के बहुत से लोगों को यात्रा परमिट की समस्या आ रही है। तय डेट पर यात्रा परमिट भी नहीं मिल रहा है। फिर भी हमारी संस्था ऐसे यात्रियों के समस्या के समाधान के लिए जुट गई है। हमारी संस्था 30-40 ग्रुप का जिसमें हर ग्रुप में 10 से 15 यात्री जाने वाले है उनका भी रजिस्ट्रेशन श्रीनगर श्राइन बोर्ड में करवाने में सहायता करती है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी