home page

वाराणसी: एयर शो के ग्रैंड रिहर्सल का पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने लिया जायजा, सुरक्षा व्यवस्था पर दिया जोर

 | 
वाराणसी: एयर शो के ग्रैंड रिहर्सल का पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने लिया जायजा, सुरक्षा व्यवस्था पर दिया जोर


—नमोघाट पर 22, 24 और 25 अक्टूबर को होगा एयर शो, भीड़ प्रबंधन से लेकर यातायात और आपातकालीन व्यवस्थाओं तक की तैयारियों का किया निरीक्षण

वाराणसी, 21 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी के नमोघाट पर 22, 24 और 25 अक्टूबर को आयोजित होने वाले एयर शो के मद्देनजर बुधवार को फुल ड्रेस रिहर्सल (ग्रैंड रिहर्सल) किया गया। इस दौरान पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने तैयारियों का जायजा लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन और आपातकालीन इंतजामों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को सतर्कता, अनुशासन और आपसी समन्वय के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए।

पुलिस आयुक्त ने वीवीआईपी कार्यक्रम स्थल, निर्धारित आवागमन मार्गों, प्रवेश एवं निकास द्वारों, बैरिकेडिंग और संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिया कि एयर शो के दौरान प्रत्येक ड्यूटी स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहे और सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनकी जिम्मेदारियां स्पष्ट रूप से बताई जाएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या सुरक्षा संबंधी समस्या की जानकारी तत्काल उच्चाधिकारियों को देने तथा बिना विलंब आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

—भीड़ प्रबंधन और घाटों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान

पुलिस आयुक्त ने घाट एवं नगर क्षेत्र को विभिन्न जोन, सेक्टर और सब-सेक्टर में विभाजित कर प्रभावी पुलिस प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्धारित दर्शक स्थलों पर भीड़ का नियंत्रित प्रवेश, सुचारु आवागमन और आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों से भीड़ को डायवर्ट करने की व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा। उन्होंने घाटों पर बैरिकेडिंग, प्रवेश-निकास मार्गों और भीड़ की स्थिति की लगातार निगरानी करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्थान पर अनावश्यक भीड़ का दबाव या अव्यवस्था उत्पन्न नहीं होनी चाहिए।

—यातायात और पार्किंग व्यवस्था को सुचारु रखने के निर्देश

एयर शो के दौरान यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस आयुक्त ने निर्धारित डायवर्जन प्लान का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने पार्किंग स्थलों पर वाहनों को व्यवस्थित ढंग से खड़ा कराने तथा पार्किंग भरने की स्थिति में वाहनों को वैकल्पिक पार्किंग स्थलों की ओर भेजने की व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।

आमजन, दर्शकों और आवश्यक सेवाओं के वाहनों की आवाजाही सुचारु रखने के साथ प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव नियंत्रित करने को कहा गया। इसके अलावा एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं के निर्बाध आवागमन के लिए ग्रीन कॉरिडोर को सुचारु रखने तथा आपातकालीन मार्गों पर किसी प्रकार का अवरोध नहीं होने देने के निर्देश दिए गए।

—सीसीटीवी कैमरों से होगी सतत निगरानी

सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए घाटों और प्रमुख स्थलों पर स्थापित सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भीड़ और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस आयुक्त ने त्रिनेत्र सेंटर के माध्यम से सीसीटीवी की लाइव फीड की निगरानी करते हुए जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई और संबंधित इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर बल दिया। उन्होंने एयर शो के मद्देनजर प्रतिबंधित ड्रोन गतिविधियों तथा अन्य सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के भी निर्देश दिए।

—आपात स्थिति से निपटने के लिए रहें तैयार

पुलिस आयुक्त ने किसी भी अप्रत्याशित परिस्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, सुरक्षित निकासी और संबंधित एजेंसियों के बीच प्रभावी समन्वय बनाए रखने को कहा। उन्होंने चिकित्सा एवं राहत सेवाओं तक त्वरित पहुंच सुनिश्चित करने तथा निर्धारित आपातकालीन मार्गों को हर हाल में निर्बाध रखने के निर्देश दिए। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को किसी भी आपात स्थिति में धैर्य, सतर्कता और निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप कार्रवाई करने की हिदायत दी।

—पुलिसकर्मियों को विनम्र व्यवहार और जनसहयोग की नसीहत

पुलिस आयुक्त ने एयर शो में आने वाले दर्शकों और आमजन के साथ विनम्रतापूर्वक व्यवहार करने तथा उन्हें सही मार्ग और निर्धारित दर्शक स्थलों की जानकारी देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी सेवा, सुरक्षा और संवेदनशीलता की भावना के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और जरूरतमंद लोगों की सहायता को प्राथमिकता देने के साथ ड्यूटी के दौरान अनुशासन, धैर्य, सकारात्मक व्यवहार और आपसी समन्वय बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया। पुलिस आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी करने और आपसी समन्वय के साथ एयर शो को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने के निर्देश दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी