home page

आईजीआरएस प्रार्थना पत्रों का समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण करें: एडीजी नवीन अरोरा

 | 
आईजीआरएस प्रार्थना पत्रों का समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण करें: एडीजी नवीन अरोरा


—आगामी त्योहारों, कांवड़ यात्रा, कानून-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण को लेकर एडीजी जोन ने की समीक्षा बैठक

वाराणसी, 18 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) नवीन अरोरा ने मंगलवार को जोन सभागार में आगामी त्योहारों, कांवड़ यात्रा, कानून-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण को लेकर जोन के पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को जनशिकायतों तथा आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त प्रार्थना पत्रों का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

समीक्षा के दौरान एडीजी ने अपराधों के अनावरण, लंबित मालों के निस्तारण, वांछित एवं पुरस्कार घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी, सक्रिय अपराधियों की निगरानी तथा वांछित अभियुक्तों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के साथ-साथ यक्ष एप की फीडिंग, सीसीटीएनएस एवं अन्य पुलिस पोर्टलों की नियमित एवं प्रभावी मॉनिटरिंग, ई-साक्ष्य और ई-समन प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी जोर दिया।

एडीजी ने महिला सुरक्षा एवं मिशन शक्ति अभियान की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के प्रति विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए प्रभावी यातायात प्रबंधन, अवैध शराब एवं मादक पदार्थों की तस्करी, गौ-तस्करी तथा एनएसए और गैंगस्टर एक्ट के तहत संगठित अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियानों की भी समीक्षा की गई।

उन्होंने अपराध नियंत्रण के लिए नियमित फुट पेट्रोलिंग बढ़ाने और अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कानून-व्यवस्था से जुड़ी किसी भी स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया देते हुए शांति एवं सौहार्द बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

नवीन अरोरा ने पुलिसकर्मियों एवं पेंशनर्स के कल्याण और सुविधाओं को भी प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने अधिकारियों को समय-समय पर बैठक कर पुलिसकर्मियों एवं पेंशनर्स की समस्याओं का त्वरित समाधान करने तथा आमजन के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने की हिदायत दी।

बैठक में डीआईजी वाराणसी परिक्षेत्र वैभव कृष्ण, डीआईजी मीरजापुर परिक्षेत्र पूनम, डीआईजी आजमगढ़ परिक्षेत्र सुनील कुमार सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर तथा पुलिस अधीक्षक गाजीपुर, चंदौली, मीरजापुर, सोनभद्र, भदोही, आजमगढ़, बलिया और मऊ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। पुलिस उपाधीक्षक एवं स्टाफ ऑफिसर वाराणसी जोन भी बैठक में मौजूद रहे। इसके अलावा जोन के सभी जनपदों के अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी गूगल मीट के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी