वाराणसी में चाइनीज मांझे ने ली साड़ी कारोबारी की जान, कज्जाकपुरा फ्लाईओवर पर हादसा
वाराणसी, 11 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे का जानलेवा कहर एक बार फिर सामने आया है। जैतपुरा थाना क्षेत्र के कज्जाकपुरा फ्लाईओवर पर रविवार को बाइक सवार एक अधेड़ की गर्दन में अचानक चाइनीज मांझा फंस गया। इससे उनकी गर्दन गंभीर रूप से कट गई और बाइक अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर की दीवार से टकरा गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल साड़ी कारोबारी को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, मूल रूप से चौक थाना क्षेत्र के चौखंभा निवासी सुनील कुमार गुजराती (60), पुत्र कृष्णदास गुजराती पेशे से साड़ी कारोबारी थे। रविवार को वह अलईपुर स्थित शैलपुत्री मंदिर में दर्शन के बाद आशापुर स्थित अपने बगीचे में जा रहे थे। इसी दौरान कज्जाकपुरा फ्लाईओवर से गुजरते समय उनकी गर्दन में अचानक चाइनीज मांझा फंस गया। इससे पहले कि वह बाइक रोक पाते, मांझे से उनकी गर्दन कट गई। इस दौरान बाइक से उनका नियंत्रण छूट गया और वाहन सामने की दीवार से जा टकराया। हादसे में सुनील कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची जैतपुरा पुलिस ने एक ई-रिक्शा चालक की मदद से उन्हें मंडलीय अस्पताल, कबीरचौरा पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सुनील कुमार की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजन आनन-फानन में अस्पताल पहुंचे। चाइनीज मांझे से हुई इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर सार्वजनिक स्थानों पर इसके इस्तेमाल से लोगों में आक्रोश व्याप्त है। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि कज्जाकपुरा फ्लाईओवर घनी आबादी के बीच में है। इसके सटे सरैया, अमरपुर मढ़िया, पुरानापुल, कज्जाकपुरा इलाका पतंगबाजी के लिए मशहूर है। ऐसी स्थिति में पतंग के साथ हवा में उड़ने वाला कातिल चीनी मांझा वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो सकता है। इन इलाकों में पुलिस की सख्ती आवश्यक है। जैतपुरा थाना प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिसने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है ।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

