शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार,फरार चल रहा था
वाराणसी,28 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जनपद के सिगरा क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाने के आरोप में वांछित आरोपी को पुलिस ने मालगोदाम रोड से दबोच लिया। गुरूवार को सिगरा पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को थाना परिसर में मीडिया के सामने पेश किया। थाना प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र ने बताया कि कवि टोला मच्छरहट्टा, थाना रामनगर वाराणसी निवासी संदीप मौर्या (26) पुत्र दिनेश प्रसाद मौर्या के खिलाफ खोजवां भेलूपुर निवासी पीड़िता ने पुलिस को तहरीर दी थी कि उसकी मुलाकात संदीप से गुरुधाम दुर्गाकुंड क्षेत्र में हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती बढ़ी और मोबाइल पर बातचीत होने लगी। आरोप है कि दिसंबर 2025 और जनवरी 2026 में आरोपी युवती को मलदहिया स्थित एक गेस्ट हाउस ले गया, जहां शादी का झांसा देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता का आरोप है कि मार्च 2026 में उसे गर्भवती होने की जानकारी हुई। इसी बीच फरवरी माह में उसकी शादी पियरी क्षेत्र निवासी युवक से हो चुकी थी। गर्भावस्था की जानकारी मिलने के बाद पति ने उसे साथ रखने से इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़िता आरोपी संदीप के पास पहुंची और शादी करने की बात कही, लेकिन आरोपी ने भी शादी से इनकार कर दिया, जिसके बाद पीड़िता ने थाना सिगरा में मुकदमा दर्ज कराया था। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिगरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में वे (प्रभारी निरीक्षक) वरिष्ठ उपनिरीक्षक इन्द्रकांत मिश्रा, कांस्टेबल अनिल कुमार पटेल एवं नागेंद्र कुमार सिंह शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

