शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती पर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने किया रक्तदान
बोले—भगत सिंह ने देश की आज़ादी के लिए लहू बहाया, हम देशवासियों की जान बचाने के लिए रक्त देंगे
वाराणसी,27 सितंबर (हि.स.)। शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती पर आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश के प्रभारी व राज्यसभा सांसद संजय सिंह के आह्वान पर रविवार को वाराणसी सहित पूरे प्रदेश के सभी जिलों में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन कर कार्यकर्ताओं ने रक्तदान किया। वाराणसी में पार्टी के स्थानीय जिलाध्यक्ष कैलाश पटेल के नेतृत्व में पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में स्थानीय युवाओं ने मंडलीय शिव प्रसाद गुप्त चिकित्सालय कबीरचौरा के ब्लड बैंक में आयोजित रक्तदान शिविर में हिस्सा लेकर स्वेच्छा से रक्तदान किया और अमर शहीदों के चरणों में अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके पहले जिलाध्यक्ष कैलाश पटेल ने रक्तदान शिविर का उद्घाटन किया और कहा कि शहीद-ए-आजम भगत सिंह ने इस देश की आज़ादी और स्वाभिमान के लिए हंसते-हंसते अपने प्राणों की आहुति दे दी थी। आज़ादी के दीवानों ने देश को मुक्त कराने के लिए अपना खून बहाया था, और आज हमारा कर्तव्य है कि हम अपने देशवासियों की जान बचाने के लिए अपना खून दें। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी सिर्फ चुनावी राजनीति नहीं करती, बल्कि शहीदों के विचारों को ज़मीन पर उतारकर समाज और राष्ट्र निर्माण के लिए सदैव समर्पित भाव से कार्य करती है।
—रक्त का एक-एक कतरा किसी जरूरतमंद को देगा नया जीवन
जिलाध्यक्ष ने कहा कि अस्पतालों में अक्सर गरीब और असहाय परिवारों को समय पर रक्त न मिलने के कारण भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। कई बार दुर्घटनाओं और गंभीर बीमारियों में रक्त के अभाव से मासूम ज़िंदगियां खत्म हो जाती हैं। ऐसे समय में आपका दिया हुआ एक कतरा रक्त किसी की जिंदगी बचा सकता है । एक पूरे परिवार को उजड़ने से रोक सकता है। आज आप कार्यकर्ताओं द्वारा किया गया यह रक्तदान अनगिनत जरूरतमंद मरीजों को नया जीवनदान देने का काम करेगा। उन्होंने कहा कि भगत सिंह का सपना एक ऐसे भारत का था जहाँ हर नागरिक को बराबरी का हक मिले, जहाँ कोई भूखा और लाचार न रहे। आज देश के युवाओं को उनके विचारों को अपनाकर समाज सेवा की दिशा में आगे बढ़ना होगा।
पार्टी के जिला महासचिव घनश्याम पांडेय ने बताया कि राज्यसभा सांसद संजय सिंह के एक आह्वान पर आज उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में पार्टी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर यह विशाल अभियान चलाया है। प्रदेश भर में युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने अभूतपूर्व उत्साह दिखाते हुए सैकड़ों यूनिट रक्तदान किया। यह अभियान साबित करता है कि आम आदमी पार्टी का कार्यकर्ता राजनीति से ऊपर उठकर सदैव जनसेवा के लिए सबसे आगे खड़ा रहता है।
कार्यक्रम में पार्टी के कार्यकर्ता अब्दुल्लाह खान, रेखा जायसवाल, अर्चना श्रीवास्तव,देवकांत वर्मा, अमर सिंह पटेल, एजाज अहमद, गुलाब सिंह राठौर, सरोज शर्मा, शारदा टंडन आदि ने भागीदारी की।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

