दीपावली पर युवाओं को रोजगार की सौगात देगी योगी सरकार, वाराणसी में तीन दिवसीय मेगा जॉब फेयर मंगलवार से
3 से 5 नवंबर तक तीन स्थानों पर लगेंगे रोजगार मेले, हर दिन करीब 40 कंपनियां करेंगी प्रतिभाग
हाईस्कूल से स्नातकोत्तर डिप्लोमा और आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को मिलेगा मौका
12 हजार से 35 हजार रुपये तक मासिक वेतन वाली नौकरियों के अवसर
वाराणसी, 02 नवंबर (हि.स.)। दीपावली के अवसर पर उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार प्रदेश के युवाओं को रोजगार का बड़ा अवसर देने जा रही है। युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें निजी क्षेत्र में रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत वाराणसी में तीन दिवसीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय की ओर से 3 से 5 नवंबर तक जिले के तीन अलग-अलग स्थानों पर आयोजित होने वाले इन रोजगार मेलों में प्रतिदिन करीब 40 कंपनियां प्रतिभाग करेंगी।
रोजगार मेले में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को राष्ट्रीय और बहुराष्ट्रीय कंपनियों में नौकरी पाने का अवसर मिलेगा। कंपनियां अभ्यर्थियों की शैक्षिक योग्यता, तकनीकी दक्षता और कौशल के आधार पर चयन करेंगी। चयनित युवाओं को 12 हजार से 35 हजार रुपये तक मासिक वेतन वाली नौकरियां मिल सकती हैं। वहीं, कुछ पदों पर चार लाख रुपये से अधिक सालाना पैकेज पाने का अवसर भी उपलब्ध होगा।
तीन दिनों तक तीन अलग-अलग स्थानों पर लगेंगे मेले
वाराणसी के सहायक निदेशक (सेवायोजन) मुकेश कुमार ने बताया कि रोजगार मेले का आयोजन तीन चरणों में किया जाएगा। इसके तहत 3 नवंबर को जगतपुर इंटर कॉलेज, जगतपुर में पहला मेला लगेगा। 4 नवंबर को क्रीडेंस इंटरनेशनल स्कूल, उमरहा बाजार (गाजीपुर रोड) में दूसरे मेले का आयोजन होगा, जबकि 5 नवंबर को क्वींस इंटरमीडिएट कॉलेज, लहुराबीर में तीसरा रोजगार मेला लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रत्येक स्थान पर करीब 40 कंपनियों के प्रतिनिधियों के पहुंचने की संभावना है। इससे अभ्यर्थियों को एक ही परिसर में कई कंपनियों के प्रतिनिधियों से सीधे संवाद करने, साक्षात्कार देने और अपनी योग्यता के अनुरूप नौकरी हासिल करने का अवसर मिलेगा।
इन नामी कंपनियों में नौकरी पाने का मिलेगा मौका
रोजगार मेले में डिक्सन, मदरसन, कोटक महिंद्रा बैंक, विकास ग्रुप, स्विगी, आईसीआईसीआई बैंक, साटा विकास प्राइवेट लिमिटेड, वर्धमान फैब्रिक्स, टोकल कोगल प्राइवेट लिमिटेड, डिलीवरी, फ्लिपकार्ट, केल्विन पाइप्स, रेजोन सोलर लिमिटेड और कृष्णा मारुति सहित कई प्रतिष्ठित कंपनियों के प्रतिभाग करने की जानकारी दी गई है।
इन कंपनियों में विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन उनकी योग्यता और संबंधित पद की आवश्यकताओं के अनुरूप किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को 12 हजार से 35 हजार रुपये तक प्रतिमाह वेतन मिल सकता है। कुछ पदों पर चार लाख रुपये से अधिक का वार्षिक पैकेज भी प्रस्तावित है।
हाईस्कूल से लेकर पीजी और आईटीआई पास युवाओं को मौका
सहायक निदेशक मुकेश कुमार के अनुसार, रोजगार मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा और आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थी शामिल हो सकते हैं। इसका उद्देश्य अलग-अलग शैक्षिक पृष्ठभूमि और तकनीकी कौशल वाले युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार रोजगार उपलब्ध कराना है। रोजगार मेला प्रभारी दीप सिंह ने बताया कि मेले में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थियों को अपना बायोडाटा लेकर संबंधित तिथि को सुबह 10 बजे निर्धारित स्थल पर पहुंचना होगा। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और विभिन्न कंपनियों की चयन प्रक्रिया में भाग लेकर अपने लिए रोजगार की संभावनाएं तलाशें।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

