home page

विंध्याचल में ‘नवनिर्माण के 9 वर्ष’ कार्यक्रम में विधायक ने कहा - मीरजापुर बना रहा नई पहचान

 | 
विंध्याचल में ‘नवनिर्माण के 9 वर्ष’ कार्यक्रम में विधायक ने कहा - मीरजापुर बना रहा नई पहचान


मीरजापुर, 18 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में बुधवार को विंध्याचल रोडवेज बस स्टैंड परिसर में सरकार के ‘नवनिर्माण के 9 वर्ष’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर विधायक रत्नाकर मिश्र ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर मझवां विधायक सूचीस्मिता मौर्य, पिछड़ा आयोग के उपाध्यक्ष सोहनलाल श्रीमाली, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

मंच से संबोधित करते हुए नगर विधायक रत्नाकर मिश्र ने सरकार की उपलब्धियों का विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं, जो पिछले 70 वर्षों में नहीं हो सके। मीरजापुर के उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि जिले में मेडिकल कॉलेज बनकर शुरू हो चुका है और विंध्य विश्वविद्यालय की सौगात भी मिली है।

उन्होंने बताया कि विंध्याचल से होकर सिक्स लेन पुल का निर्माण कार्य प्रगति पर है, वहीं रामपुर जोपा घाट पर फोर लेन पुल का निर्माण तेजी से चल रहा है। दो पीपा पुल बन चुके हैं, जिनमें एक का उद्घाटन हाल ही में किया गया है।

विधायक ने कहा कि मां विंध्यवासिनी धाम के विकास के लिए विंध्य कॉरिडोर का निर्माण ऐतिहासिक कदम है। पहले संकरी गलियों में स्थित मंदिर तक पहुंचना कठिन था, लेकिन अब भव्य कॉरिडोर बनने से श्रद्धालुओं की संख्या में कई गुना वृद्धि हुई है। हरिद्वार की हर की पैड़ी की तर्ज पर विंध्य की पैड़ी का निर्माण भी कराया जा रहा है।

इसके अलावा बबुरा-अकोढ़ी मार्ग और बिरोही-बघरा मार्ग पर पुल बनकर तैयार हो चुके हैं, जबकि भरुअना रोड के निर्माण की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में मां विंध्यवासिनी, कालीखोह और अष्टभुजा देवी को जोड़ने वाला त्रिकोणीय कॉरिडोर विश्व में अपनी अलग पहचान बनाएगा।

कार्यक्रम के दौरान विधायक ने मंत्री एके शर्मा के समक्ष नटवा ओवरब्रिज के पास जलभराव की समस्या समेत अन्य मांगें भी रखीं, जिनके समाधान का आश्वासन मिला है। उन्होंने कहा कि पक्का घाट, ओझला पुल और घंटाघर के सुंदरीकरण से विंध्य धाम का समग्र विकास होगा, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा