home page

संकट की हर घड़ी में हनुमान जी ही सहायक बनते हैं : विजय कौशल महाराज

 | 
संकट की हर घड़ी में हनुमान जी ही सहायक बनते हैं : विजय कौशल महाराज


कानपुर, 25 मार्च (हि.स.)। भगवान हनुमान जी की कृपा से जीवन के असंभव कार्य भी संभव हो जाते हैं। सच्चा मार्ग केवल भक्ति और सत्संग का है, जबकि दिखावे और चमत्कार के नाम पर लोगों को भ्रमित करने वालों से सावधान रहना चाहिए। मनुष्य को अपने कर्मों का फल इसी जीवन में भोगना पड़ता है, इसलिए सदैव अच्छे कर्म करना जरूरी है। सच्चे गुरु की कृपा से ही भगवान की प्राप्ति संभव है और भजन कलयुग में सबसे सरल साधन है।

यह बातें बुधवार को प्रख्यात संत विजय कौशल महाराज ने कहीं। कानपुर में आयोजित श्री हनुमान कथा के चौथे दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच भक्ति और आध्यात्मिक चेतना का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। संत विजय कौशल महाराज ने अपने प्रवचनों में जीवन दर्शन, भक्ति और कर्म के महत्व को विस्तार से समझाया।

उन्होंने सुग्रीव, विभीषण, माता सीता और लक्ष्मण जी के प्रसंगों के माध्यम से बताया कि संकट की हर घड़ी में हनुमान जी ही सहायक बनते हैं। साथ ही चेताया कि चमत्कार दिखाने वाले लोग केवल भ्रमित करते हैं, जबकि वास्तविक कल्याण भक्ति से ही संभव है। महाराज जी ने कर्मफल के सिद्धांत को स्पष्ट करते हुए कहा कि शरीर से किए गए पापों का फल इसी संसार में भोगना पड़ता है। उन्होंने भक्ति के चार स्तरों—पूजा, ग्रंथ पाठ, नाम-जप और परम अवस्था—का वर्णन करते हुए साधना का सरल मार्ग बताया।

संत और साधु के अंतर को स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा कि संत सर्वोच्च अवस्था है, जिसका जीवन स्वयं प्रेरणा बन जाता है। उन्होंने भगवान हनुमान को परम संत बताते हुए उनके जीवन से सीख लेने की बात कही। रामायण प्रसंग का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि रावण ने अहंकारवश सही सलाह नहीं मानी और अपने कुल का विनाश कर लिया। उन्होंने यह भी कहा कि समय पर सही निर्णय लेना अत्यंत आवश्यक है।

कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया और श्रद्धालु भाव-विभोर होकर कथा का श्रवण करते रहे। आयोजन समिति द्वारा सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित की गईं। इस अवसर पर यजमान प्रेम त्रिपाठी, सुनील शुक्ला, प्रमुख अतिथि भवानी भीख, रमा पचौरी सहित आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. उमेश पालीवाल, डॉ. विवेक द्विवेदी, अनूप पचौरी, उमेश निगम और डॉ. सुनील सिंह समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप