home page

पूर्वांचल विश्वविद्यालय में 9.90 करोड़ का बन रहा नया संकाय भवन, छात्रों को मिलेगा लाभ

 | 
पूर्वांचल विश्वविद्यालय में 9.90 करोड़ का बन रहा नया संकाय भवन, छात्रों को मिलेगा लाभ


जौनपुर, 29 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश जनपद जौनपुर स्थित वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर में बढ़ती छात्र संख्या को देखते हुए नए संकाय भवन का निर्माण शुरू हो गया है। करीब 9.90 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस भवन का उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ कक्षाओं के लिए पर्याप्त स्थान मुहैया कराना है।

नया संकाय भवन विज्ञान संकाय और विश्वविद्यालय की लाइब्रेरी के बीच स्थित मियावाकी वन के समीप बनाया जा रहा है। विश्वविद्यालय में विभिन्न पाठ्यक्रमों में विद्यार्थियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसके चलते कई बार कक्षाओं के संचालन के लिए उपलब्ध स्थान कम पड़ जाता है। नए भवन के निर्माण से इस समस्या का समाधान होने की उम्मीद है। विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह ने शनिवार को बताया कि भवन तैयार होने के बाद कक्षाओं के संचालन में काफी सहूलियत होगी। विद्यार्थियों को व्यवस्थित ढंग से पढ़ाई करने के लिए पर्याप्त स्थान मिलेगा। साथ ही शिक्षकों को भी पठन-पाठन के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।

उन्होंने बताया कि भवन निर्माण का उद्देश्य भविष्य में बढ़ने वाली छात्र संख्या को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय के शैक्षणिक आधारभूत ढांचे को मजबूत करना भी है। भवन में कक्षाओं के साथ विद्यार्थियों की अकादमिक गतिविधियों के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। नए संकाय भवन के निर्माण से मौजूदा भवनों पर विद्यार्थियों के बढ़ते दबाव को कम करने में मदद मिलेगी। विश्वविद्यालय प्रशासन को उम्मीद है कि इससे शैक्षणिक संसाधनों का बेहतर उपयोग होगा और विद्यार्थियों को परिसर में ही अधिक सुविधाजनक एवं प्रभावी पठन-पाठन का वातावरण मिल सकेगा।----------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव