home page

काशी के विकास को रफ्तार : करोड़ों की परियोजनाओं को मंजूरी, 12 पर्यटन स्थलों का होगा सुंदरीकरण

 | 
काशी के विकास को रफ्तार : करोड़ों की परियोजनाओं को मंजूरी, 12 पर्यटन स्थलों का होगा सुंदरीकरण


—नवरात्रि में घाटों व मंदिर मार्गों की सफाई के निर्देश, एबीसी सेंटर की क्षमता 132 से बढ़ाकर 300 होगी- लापरवाही पर गेल कंपनी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने का आदेश

वाराणसी, 12 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में विकास कार्यों और नागरिक सुविधाओं को गति देने के लिए सोमवार को नगर निगम कार्यकारिणी समिति की बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। महापौर अशोक तिवारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में शहर के 12 प्रमुख पर्यटन स्थलों के सुंदरीकरण, ट्रेड लाइसेंस प्रक्रिया के सरलीकरण और ‘काशी गौसंरक्षण एवं निरीक्षण उपविधि-2026’ को हरी झंडी मिली।

शारदीय नवरात्रि के मद्देनजर सभी गंगा घाटों, नवदुर्गा मंदिरों तक जाने वाले मार्गों, गलियों और सड़कों पर विशेष सफाई तथा प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। उपसभापति नरसिंह दास ने छठ पूजा और देव दीपावली से पहले घाटों पर जमा सिल्ट हटाने के लिए 13 अक्टूबर से अभियान चलाने की मांग की। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि सफाई शुरू करा दी गई है और निगरानी के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।

——विकास कार्यों में लापरवाही पर सख्ती

महापौर ने ऋषि मांडवी जोन में म्यूटेशन संबंधी विसंगतियों तथा पुराने वार्डों में सीवर और पेयजल पाइपलाइन बिछाने की धीमी गति पर नाराजगी जताई। जल निगम के अधिकारियों को मैनपावर बढ़ाने और तत्काल सीसीटीवी कैमरे लगवाने के निर्देश दिए गए। मुख्य अभियंता को प्रत्येक 15 दिन में विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी।

गेल कंपनी द्वारा खोदी गई सड़कों और गलियों की मरम्मत नहीं कराए जाने पर मुख्य अभियंता को कंपनी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश दिया गया। पार्षद अशोक मौर्य ने पूजा पंडालों के आयोजकों के साथ बैठक कर विसर्जन स्थलों का चयन करने और अस्थायी कुंड बनवाने का प्रस्ताव रखा। खुदाई से पहले संबंधित पार्षदों को सूचना देने तथा सड़क-पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने पर ठेकेदारों की जवाबदेही तय करने की मांग भी उठी।

——आवारा पशुओं, स्ट्रीट लाइट और जलजमाव पर चर्चा

ऐढ़े स्थित एबीसी सेंटर में कुत्तों के बंध्याकरण की क्षमता 132 से बढ़ाकर 300 करने की जानकारी दी गई। पार्षद प्रवीण राय ने बंध्याकरण और बंदरों को पकड़ने की कार्रवाई का विस्तृत ब्योरा मांगा। पार्षद मदन मोहन तिवारी ने खराब स्ट्रीट लाइटों और हाईमास्ट को नवरात्रि से पहले दुरुस्त करने तथा निजी कार्यदायी संस्थाओं द्वारा निगम के लाइनमैनों से मरम्मत कराने पर रोक लगाने का प्रस्ताव रखा।

पार्षद राज कपूर चौधरी ने वाराणसी वेस्ट सॉल्यूशन कंपनी के खिलाफ कार्रवाई में देरी पर सवाल उठाए। पार्षद सुशीला ने रोहनिया विधानसभा क्षेत्र के 10 वार्डों में जलजमाव, नाली अतिक्रमण और स्टॉर्म वाटर निकासी की समस्या के समाधान के लिए आईआईटी बीएचयू के विशेषज्ञों से सर्वे कराने का सुझाव दिया। वहीं, पार्षद माधुरी सिंह ने रामनगर की विश्वप्रसिद्ध रामलीला के दौरान तीन शिफ्टों में सफाई, सीवर निकासी, प्रकाश व्यवस्था और मार्गों की मरम्मत सुनिश्चित करने का प्रस्ताव रखा।

बैठक में उपसभापति नरसिंह दास सहित कार्यकारिणी सदस्य प्रवीण राय, अशोक मौर्य, राजकुमार चौधरी, मदन मोहन तिवारी, सुशीला, माधुरी सिंह, बलिराम कन्नौजिया, इन्द्रा रानी, संजय कुमार केशरी, गोविन्द प्रसाद सिंह और संदीप रघुवंशी समेत नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी