home page

सोनभद्र में 35 मगरमच्छ के बच्चे मिले, वन विभाग ने साेन नदी में छाेड़ा

 | 
सोनभद्र में 35 मगरमच्छ के बच्चे मिले, वन विभाग ने साेन नदी में छाेड़ा


सोनभद्र, 28 जून (हि.स.)। घोरावल थाना क्षेत्र के सेमिया गांव में स्थित एक चेकडैम में रविवार की शाम तीन बजे 35 मगरमच्छ के बच्चे मिलने से हड़कंप मच गया। साथ ही वहां पर मगरमच्छ के पांच अंडे भी पाये गये है। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने सभी मगरमच्छों को सोन नदी में सुरक्षित छोड़ दिया है।

वन क्षेत्राधिकारी जुगैल वन रेंज अवधेश कुमार सिंह ने बताया की सेमिया गांव के छितीरपुरवा में एक चेक डैम है जिसमें इस समय कम मात्रा में पानी मौजूद है। रविवार शाम ग्रामीणों ने पानी में मगरमच्छ के दो छोटे-छोटे बच्चे देखें, ग्रामीण जब पानी के पास गए तो और भी मगरमच्छ के बच्चे दिखाई दिए। ग्रामीणों ने घटना की सूचना वन विभाग व 112 डायल पुलिस को दिया। सूचना के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। वन विभाग के कर्मचारियों और पीआरबी पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से कुल 35 मगरमच्छ के बच्चों को पकड़ कर बोरियों में भर लिया और पास में स्थित सोन नदी में छोड़ दिया। मौके पर मगरमच्छ के पांच अंडे भी पाये गये हैं।

इस संबंध में जुगैल वन रेंज के वन क्षेत्राधिकारी अवधेश कुमार सिंह ने बताया की चेक डैम में कुछ नर और मादा मगरमच्छ प्रजनन के दौरान आए होंगे, जहां मादा मगरमच्छ ने अंडे दिया। समय पूरा होने पर अंडे से बच्चे निकलकर पानी में चले गए। मौके पर कोई वयस्क मगरमच्छ नहीं मिला है।

हिन्दुस्थान समाचार / पीयूष त्रिपाठी