home page

वैश्य एकता परिषद की बैठक में उरई मेडिकल कॉलेज में मारपीट की निंदा, दोषियों पर कार्रवाई की मांग

 | 

औरैया, 21 मई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद की एक आवश्यक बैठक गुरुवार को ए.वी. गार्डन, दिबियापुर रोड में आयोजित की गई। बैठक में उरई स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज में हुई घटना को लेकर गहरा आक्रोश व्यक्त किया गया और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की गई।

बैठक में बताया गया कि 18 मई रात्रि को मेडिकल कॉलेज में इलाज में देरी को लेकर भाजपा नेता बृज किशोर गुप्ता और उनके पुत्र की डॉक्टरों से कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि इसके बाद मौके पर मौजूद सीनियर एवं जूनियर डॉक्टरों के समूह ने उनके पुत्र पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मरणासन्न स्थिति में पहुंच गए। घायल युवक का इलाज अभी जारी है। परिषद के जिला प्रभारी एडवोकेट आनन्द नाथ गुप्ता ने इस घटना को अत्यंत दुखद और निंदनीय बताते हुए कहा कि चिकित्सक जैसे सम्मानित पेशे से जुड़े लोगों द्वारा इस प्रकार की हिंसक घटना को अंजाम देना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।

जिलाध्यक्ष विपिन कुमार पोरवाल (बंटू) और जिला महामंत्री नरेश चंद्र शिवहरे ने उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक से मामले की उच्च स्तरीय जांच कराए जाने और दोषी सीनियर व जूनियर डॉक्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। बैठक में राष्ट्रीय संरक्षक शिवकुमार पुरवार, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रमन पोरवाल, प्रांतीय उपाध्यक्ष विष्णु गहोई, प्रांतीय युवा प्रभारी अभिषेक गुप्ता, प्रदेश सचिव अनूप गुप्ता, जिला कोषाध्यक्ष राकेश गुप्ता, नगर अध्यक्ष देवमुनि पोरवाल सहित अनेक पदाधिकारी एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार