नवागत नगर आयुक्त ने त्रिनेत्र भवन और काशी इंटीग्रेटेड कमांड सेंटर का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
——नगर निगम मुख्यालय में अव्यवस्था पर जताई नाराजगी, साफ-सफाई और अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव के दिए निर्देश
वाराणसी, 16 नवंबर (हि.स.)। नवागत नगर आयुक्त एवं वाराणसी स्मार्ट सिटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) शाश्वत त्रिपुरारी ने सोमवार को त्रिनेत्र भवन एवं काशी इंटीग्रेटेड कमांड सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कमांड सेंटर की कार्यप्रणाली को समझा और यहां से संचालित विभिन्न सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। साथ ही वाराणसी स्मार्ट सिटी कार्यालय का निरीक्षण कर संचालित परियोजनाओं की प्रगति और उनके क्रियान्वयन से संबंधित विवरण भी लिया।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने पहुंची एक महिला फरियादी से बातचीत कर उसकी समस्या सुनी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल महिला को आवश्यक सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने और उसकी समस्या का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद नवागत नगर आयुक्त ने नगर निगम मुख्यालय के विभिन्न कार्यालय कक्षों और पूरे परिसर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान परिसर में व्याप्त अव्यवस्था और साफ-सफाई की स्थिति देखकर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। निरीक्षण में गैलरी में रखे डस्टबिन की समुचित सफाई नहीं होने के साथ ही महत्वपूर्ण अभिलेखों और दस्तावेजों के बंडल भी अव्यवस्थित ढंग से रखे मिले। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को फटकार लगाते हुए व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि कार्यालय परिसर में रखे सभी टूटे-फूटे और अनुपयोगी टेबल, कुर्सियों एवं अलमारियों को तत्काल हटाया जाए। इसके साथ ही कार्यालय के सभी कक्षों और गलियारों में लगे जालों की सफाई कराने तथा डस्टबिन को नियमित रूप से साफ रखने को कहा। उन्होंने पूरे कार्यालय परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई का उच्च स्तर बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
अभिलेखों के रखरखाव में लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए नगर आयुक्त ने कहा कि सभी महत्वपूर्ण अभिलेखों और दस्तावेजों को निर्धारित स्थानों पर व्यवस्थित एवं सुरक्षित तरीके से रखा जाए, ताकि कार्यालय में अनावश्यक अव्यवस्था न हो और जरूरत पड़ने पर संबंधित दस्तावेज आसानी से उपलब्ध हो सकें।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि कार्यालय परिसर की स्वच्छता, सुव्यवस्था और कार्यप्रणाली में सुधार को प्राथमिकता दें तथा सभी व्यवस्थाएं बेहतर बनाए रखें।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

