महापौर व नगर आयुक्त ने परखीं नाटी इमली भरत मिलाप की तैयारियां, दिए निर्देश
वाराणसी,21 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में विश्व प्रसिद्ध नाटी इमली के भरत मिलाप आयोजन को लेकर प्रशासनिक तैयारियों को अन्तिम रूप दिया गया। आयोजन से एक दिन पूर्व बुधवार शाम महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने संयुक्त रूप से नाटी इमली मैदान में पहुंचकर आयोजन स्थल एवं मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य जरूरी प्रबंधों की बारीकी से समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान महापौर और नगर आयुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि आयोजन में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं और दर्शनार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी तैयारियां समय रहते चाक-चौबंद कर ली जाएं। मार्ग पर समुचित साफ-सफाई, चूना व कीटनाशक छिड़काव के साथ-साथ रात्रि के समय रोशनी के पुख्ता इंतजाम करने पर विशेष जोर दिया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद प्रमोद राय सहित नगर निगम के तमाम संबंधित अधिकारी भी उपसिथत रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

