शारदीय नवरात्र के पहले देवी मंदिरों के रास्ते जगमग बनाने के लिए जुटा नगर निगम
पहले दिन मां शैलपुत्री के दरबार में श्रद्धालु लगाएंगे हाजिरी, नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण
वाराणसी, 09 अक्टूबर (हि.स.)। शारदीय नवरात्र शुरू होने में सिर्फ एक दिन बचा है। नवरात्र के नौ दिनों में शक्ति की आराधना के लिए श्रद्धालु नौ दिन तक अलग—अलग देवी मदिरों में हाजिरी लगाएंगे। शुरूआत अलईपुर स्थित मां शैलपुत्री के दरबार में दर्शन पूजन से होगी।
पहले दिन माता के दरबार में आस्था का जनसैलाब उमड़ेगा। मंदिर में उमड़ने वाली भीड़ के सुगम दर्शन में साफ सफाई को लेकर शुक्रवार अपरान्ह बाद से ही नगर निगम प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में दिखा। मां शैलपुत्री के दर्शन-पूजन के लिए पहुंचने वाले लाखों श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए निगम की टीमें व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटी हुई है । नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने मां शैलपुत्री क्षेत्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान देवी मंदिर की ओर जाने वाले मार्गों पर जहां भी सड़कें धंसी हुई मिलीं या इंटरलॉकिंग टाइल्स टूटी पाई गईं, उन्हें शुक्रवार देर रात में हर हाल में ठीक (पैचवर्क) कराने का अल्टीमेटम भी दिया। इसके बाद निगम की टीमें रात में ही मरम्मत कार्य पूरा करने में जुट गई है ताकि तड़के भोर से ही दर्शन के लिए कतारबद्ध होने वाले श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न झेलनी पड़े। यही नहीं श्रद्धालुओं की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए प्रमुख स्थलों पर शुद्ध पेयजल के टैंकर और मोबाइल टॉयलेट (सुलभ शौचालय) तैनात किए जा रहे हैं। इसके साथ ही पूरे मंदिर क्षेत्र व पैदल मार्गों पर मुस्तैद सफाईकर्मियों की तैनाती कर उत्कृष्ट स्तर की सफाई सुनिश्चित की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

