home page

मां विंध्यवासिनी धाम : मारपीट में शामिल दो तीर्थपुरोहित एक सप्ताह के लिए पूजा पाठ से निलंबित

 | 
मां विंध्यवासिनी धाम :  मारपीट में शामिल दो तीर्थपुरोहित एक सप्ताह के लिए पूजा पाठ से निलंबित


- पंडा समाज का सख्त संदेश— मंदिर की गरिमा से समझौता नहीं, अनुशासन तोड़ने वालों पर होगी कठोर कार्रवाई

मीरजापुर, 05 अगस्त (हि.स.)। मां विंध्यवासिनी धाम में श्रद्धालुओं को दर्शन-पूजन कराने के दौरान हुए विवाद के बाद श्री विंध्य पंडा समाज ने कड़ा रुख अपनाया है। 30 जुलाई को मंदिर परिसर में दो तीर्थपुरोहितों के बीच हुई मारपीट के मामले में बुधवार को समाज की कार्यकारिणी ने दोनों पक्षों के एक-एक तीर्थपुरोहित पर एक सप्ताह तक दर्शन-पूजन कराने पर रोक लगा दी है।

समाज के अध्यक्ष पंकज द्विवेदी और मंत्री भानु पाठक ने बताया कि मंदिर के नंबर-1 निकास द्वार के पास हुई मारपीट से धाम की गरिमा प्रभावित हुई। मामले की समीक्षा के बाद निर्णय लिया गया कि अनुशासन बनाए रखने के लिए दोषी पक्षों पर कार्रवाई आवश्यक है। आदेश के तहत पुरानी वीआईपी क्षेत्र के शक्ति दुबे और बधवा महावीर क्षेत्र के अमन गिरि 6 अगस्त से 12 अगस्त तक मंदिर में तीर्थपुरोहित का कार्य नहीं करेंगे और श्रद्धालुओं का दर्शन-पूजन भी नहीं करा सकेंगे।

पंडा समाज ने स्पष्ट किया कि मां विंध्यवासिनी धाम की मर्यादा सर्वोपरि है। मंदिर परिसर में किसी भी प्रकार की मारपीट, विवाद या अनुशासनहीनता किसी भी हाल में स्वीकार नहीं की जाएगी। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति होने पर और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। समाज ने सभी तीर्थपुरोहितों से श्रद्धालुओं के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करने, आपसी मतभेदों को बातचीत से सुलझाने तथा मंदिर की प्रतिष्ठा और पवित्रता बनाए रखने की अपील की है। इस कार्रवाई को लेकर धाम में पूरे दिन चर्चा का विषय बना रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा