home page

पांडु नदी में डूबने से दो मासूम दोस्तों की मौत,

 | 
पांडु नदी में डूबने से दो मासूम दोस्तों की मौत,


औरैया, 07 जून (हि. स.)। उत्तर प्रदेश में औरैया जिले के बेला थाना क्षेत्र स्थित ग्राम पुर्वा भवन में रविवार को पांडु नदी में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

पुर्वा भवन निवासी धीरेन्द्र पाल का

8 वर्षीय विष्णु और सुदेश का पुत्र अंश रविवार सुबह अपने चाचा धर्मेंद्र पाल के साथ भेड़ चराने गए थे। घर से लगभग तीन सौ मीटर दूर पांडु नदी के किनारे पहुंचने के बाद दोनों बच्चे नहाने के लिए नदी में उतर गए।

काफी देर तक बच्चों के वापस न लौटने पर धर्मेंद्र पाल ने करीब 11 बजे परिजनों को फोन कर जानकारी ली। जब पता चला कि दोनों बच्चे घर नहीं पहुंचे हैं तो अनहोनी की आशंका के चलते परिजन और ग्रामीण नदी किनारे पहुंचे और तलाश शुरू की।

खोजबीन के दौरान धर्मेंद्र पाल ने नदी के एक गहरे गड्ढे में छलांग लगाकर बच्चों की तलाश की। इसी दौरान दोनों बच्चों के शव बरामद हुए। परिजन उन्हें तत्काल बेला के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां से उन्हें रेफर कर दिया गया। बाद में दोनों बच्चों को मेडिकल कॉलेज कन्नौज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना दोपहर करीब तीन बजे पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बेला थाना प्रभारी गंगादास गौतम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

बताया जाता है कि मृतक अंश अपनी तीन बहनों अंशिका (12), शालिनी (10) और पूजा (5) का इकलौता भाई था। वहीं विष्णु के पिता धीरेन्द्र पाल रोजी-रोटी के लिए मुंबई में निजी नौकरी करते हैं और कुछ दिन पहले ही वापस काम पर गए थे। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

ग्रामीणों के अनुसार, विष्णु और अंश हमउम्र होने के साथ-साथ घनिष्ठ मित्र भी थे। एक साथ दोनों मासूमों की असमय मौत से पूरे गांव में मातम छाया हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार