home page

ब्रेक फेल होने से अनियंत्रित ट्रक ने कार में मारी टक्कर, महिला की मौत

 | 
ब्रेक फेल होने से अनियंत्रित ट्रक ने कार में मारी टक्कर, महिला की मौत


-ड्रमंडगंज घाटी में हादसा, तीन लोग घायल; ट्रक छोड़कर चालक फरार

मीरजापुर, 05 अक्टूबर (हि.स.)। ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के मीरजापुर-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित ड्रमंडगंज घाटी के बड़का मोड़ घुमान पर सोमवार देर शाम ब्रेक फेल होने से अनियंत्रित ट्रक ने आगे चल रही कार में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार महिला समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सक ने महिला को मृत घोषित कर दिया।

प्रयागराज जिले के मेजा थाना क्षेत्र के शुकुलपुर निवासी उषा देवी (50) पत्नी चंद्रमा प्रसाद मिश्र अपने पुत्र अंबुज मिश्र (24), परिवार के सदस्य अंकित मिश्र (25) और आयुष (19) के साथ मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र स्थित छतना गांव गई थीं। वे पिता के श्राद्ध में शामिल होकर कार से घर लौट रही थी।

बड़का मोड़ घुमान के पास पीछे से कपड़ा लदा ट्रक अनियंत्रित होकर कार से टकरा गया और सड़क किनारे खाई में जाकर रुक गया। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया।

सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने सभी घायलों को एंबुलेंस से पीएचसी हलिया भेजा। चिकित्सक अवधेश कुमार ने उषा देवी को देखते ही मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी। अन्य घायलों का उपचार कराया जा रहा है। पुलिस ट्रक चालक की तलाश में जुटी है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा