home page

हाईवे पर खड़े ट्रक में पीछे से जा टकराया दूसरा ट्रक, चालक की मौत

 | 
हाईवे पर खड़े ट्रक में पीछे से जा टकराया दूसरा ट्रक, चालक की मौत


मीरजापुर, 23 मई (हि.स.)। लालगंज थाना क्षेत्र के मिश्रपुर पतुलकी गांव के सामने शनिवार को हाईवे किनारे खड़ी ट्रक में पीछे से दूसरी ट्रक घुस गई। हादसे में ट्रक चालक की दर्दनाक मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, हलिया थाना क्षेत्र के भैंसोड़ बलाय पहाड़ निवासी शिवम कुमार विश्वकर्मा (30) ट्रक लेकर मीरजापुर से मध्य प्रदेश की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मिश्रपुर गांव के पास हाईवे की पटरी पर खड़ी एक ट्रक में उनकी ट्रक पीछे से जा टकराई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन में कोहराम मच गया। थाना प्रभारी अजय सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना में ट्रक चालक की मौत हुई है। पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा