home page

ओडिशा सड़क हादसे में जान गंवाने वाले ट्रक चालक का शव घर पहुंचा, पांच बच्चाें के सिर से उठा पिता का साया

 | 
ओडिशा सड़क हादसे में जान गंवाने वाले ट्रक चालक का शव घर पहुंचा, पांच बच्चाें के सिर से उठा पिता का साया


मीरजापुर, 16 अक्टूबर (हि.स.)। ओडिशा में सड़क हादसे में जान गंवाने वाले जिले के विष्णुपट्टी गांव निवासी ट्रक चालक प्रदीप कुमार यादव (46) का शव शुक्रवार सुबह घर पहुंचा तो परिजन में चीख-पुकार मच गई। बच्चों और पत्नी का विलाप सुन ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गईं। बाद में हरसिंहपुर गंगा घाट पर पिता बसंत लाल यादव ने मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार किया।

चील्ह थाना क्षेत्र के विष्णुपट्टी गांव निवासी प्रदीप कुमार यादव कई वर्षों से ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के कुटरा थाना क्षेत्र में ट्रक चलाते थे। बुधवार रात ट्रक खड़ा कर वह एक पेट्रोल पंप की ओर पैदल जा रहे थे। इसी दौरान अज्ञात वाहन की चपेट में आने से उनकी मौके पर मौत हो गई।

सूचना पर पहुंची ओडिशा पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। ट्रांसपोर्ट मालिक राम्य रंजन नायक ने हादसे की जानकारी परिजनों को दी। परिजन गुरुवार सुबह ओडिशा रवाना हुए और पोस्टमार्टम के बाद एंबुलेंस से शव लेकर शुक्रवार सुबह करीब सात बजे गांव पहुंचे।

प्रदीप छह भाइयों में चौथे नंबर पर थे। उनके परिवार में एक बेटा और चार बेटियां हैं। वह ट्रक चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और चार बेटियाें और एक बेटे के सिर से पिता का साया उठ गया है। मुखिया के जाने के बाद परिवार काे जीवन यापन काे लेकर भी चिंता सताने लगी है।

-----------------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा