अमेठी में मुलायम सिंह यादव की चौथी पुण्यतिथि पर सपा कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि
अमेठी, 10 अक्टूबर (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की चौथी पुण्यतिथि पर शनिवार को गौरीगंज स्थित पार्टी के जिला कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान वक्ताओं ने सामाजिक न्याय, समानता और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए उनके योगदान को याद किया।
सपा जिलाध्यक्ष राम उदित यादव ने कहा कि मुलायम सिंह यादव का जीवन संघर्ष, जनसेवा और सामाजिक न्याय के लिए समर्पित रहा। उन्होंने गरीबों, किसानों, मजदूरों और पिछड़े वर्गों के अधिकारों की आवाज बुलंद की। उनके विचार और जनहित में किए गए कार्य पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। नेताजी के आदर्शों पर चलकर समाजवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
जिला महासचिव डॉ. अरशद अहमद ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने अपने संघर्ष, राजनीतिक दूरदर्शिता और जनसेवा के जरिए देश की राजनीति में विशिष्ट पहचान बनाई। उन्होंने समानता, भाईचारे और सामाजिक न्याय के सिद्धांतों को मजबूत करने के लिए लगातार काम किया।
जिला प्रवक्ता राजेश मिश्रा एडवोकेट ने कहा कि मुलायम सिंह यादव के विचार और उनका राजनीतिक योगदान समाजवादी आंदोलन को आगे बढ़ाने की प्रेरणा देते रहेंगे। कार्यकर्ताओं को उनके संघर्षों से सीख लेकर लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और सामाजिक न्याय की लड़ाई जारी रखनी चाहिए।
कार्यक्रम में अवधेश त्रिपाठी, संग्राम सिंह, बजरंग श्रीवास्तव, राकेश यादव, अनुपमा पाठक, राजा विक्रम सिंह, मनीराम वर्मा, दीपू तिवारी, मनु पाल, अशोक यादव, बहराइची गुप्ता, भूपेंद्र कुमार, सोनू अंसारी, गंगाराम प्रजापति, इंदु कुमार पाठक, राकेश यादव कौहार और रमेश शुक्ला सहित पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा विभिन्न फ्रंटल संगठनों के सदस्य मौजूद रहे। अंत में उपस्थित लोगों ने मुलायम सिंह यादव के आदर्शों और समाजवादी विचारधारा को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

