home page

आंधी-बारिश में आम का पेड़ गिरा, आठ वर्षीय बालक की मौत

 | 
आंधी-बारिश में आम का पेड़ गिरा, आठ वर्षीय बालक की मौत


मीरजापुर, 13 मई (हि.स.)। जिले में बुधवार को आए तेज आंधी-तूफान और बारिश का कहर लगातार सामने आ रहा है। पड़री थाना क्षेत्र के नदिगहना स्थित सारी पोखरी गांव में आम का पेड़ गिरने से आठ वर्षीय बालक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

सारी पोखरी गांव निवासी अंशु मौर्य (8) पुत्र शिव कुमार मौर्य घर से करीब 100 मीटर दूर अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान अचानक तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई। तेज हवा के चलते पास खड़ा आम का पेड़ टूटकर सीधे बालक के ऊपर गिर पड़ा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे तथा किसी तरह पेड़ हटाकर बालक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा