home page

पूर्वी यूपी में और मजबूत होगी जीवनरक्षक चिकित्सा सेवा

 | 
पूर्वी यूपी में और मजबूत होगी जीवनरक्षक चिकित्सा सेवा


पूर्वी यूपी में और मजबूत होगी जीवनरक्षक चिकित्सा सेवा


पूर्वी यूपी में और मजबूत होगी जीवनरक्षक चिकित्सा सेवा


बीआरडी मेडिकल कॉलेज में लेवल वन का 100 बेडेड ट्रामा सेंटर बनवा रही योगी सरकार

तीन मंजिला लेवल 1 का ट्रामा सेंटर बनाने में आएगी 38 करोड़ रुपये की लागत

गोरखपुर, 02 सितंबर (हि.स.)। पूर्वी उत्तर में गंभीर दुर्घटनाओं और अन्य आकस्मिक स्थितियों में जीवनरक्षक चिकित्सा सेवा और सुदृढ़ होगी। इसका माध्यम बनेगा बीआरडी मेडिकल कॉलेज में लेवल 02 से परिवर्तित कर लेवल 01 का स्थापित किया जा रहा ट्रामा सेंटर। इस ट्रामा सेंटर की क्षमता 100 बेड की होगी। योगी सरकार की तरफ से लेवल 01 ट्रामा सेंटर का निर्माण 38.02 करोड़ रुपये की लागत से कराया जा रहा है। कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम ने अब तक एक तिहाई से अधिक (36 प्रतिशत) निर्माण करा लिया गया है।

बीआरडी मेडिकल कॉलेज में 6510 वर्गमीटर में निर्माणाधीन लेवल 1 ट्रॉमा सेंटर ग्राउंड फ्लोर सहित तीन मंजिला होगा। इसमें अत्याधुनिक मेडिकल सुविधाओं के साथ ही एक ही छत के नीचे विभिन्न प्रकार के मरीजों का इलाज आसानी से हो सकेगा। जैसे सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल, सिर की चोट से कोमा में गए मरीज या फिर गंभीर बीमारियों से ग्रसित मरीजों को इलाज के लिए कहीं अन्य जगह जाने की आवश्यकता नहीं होगी।

बीआरडी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि यह ट्रामा सेंटर चार मॉड्यूलर ऑपरेशन थियेटर सहित अत्याधुनिक जांच और चिकित्सा सुविधाओं से लैस होगा। ट्रामा के मरीजों के लिए यहां एक छत के नीचे ही सभी आवश्यक जांच और इलाज की सुविधा उपलब्ध होगी। ट्रामा सेंटर की में इमरजेंसी वार्ड, अत्याधुनिक ऑपरेशन थियेटर, आईसीयू, जांच कक्ष और अन्य सहायक सेवाओं की व्यवस्था की जाएगी। इससे गंभीर मरीजों को इलाज के लिए एक से दूसरे भवन में ले जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे समय की बचत होगी और अत्यधिक गंभीर मरीजों का गोल्डेन ऑवर में तत्काल आपात इलाज बेहतर तरीके से संभव होगा। लेवल 01 ट्रामा सेंटर संचालित होने के बाद गंभीर मरीजों को अन्य बड़े शहरों में रेफर करने की जरूरत काफी हद तक कम हो जाएगी।

वर्तमान में बीआरडी मेडिकल कॉलेज में 50 बेड का ट्रामा सेंटर संचालित है, जहां पूर्वी उत्तर प्रदेश से लेकर सीमावर्ती बिहार तक के मरीजों का इलाज किया जा रहा है। लेवल 01 का ट्रामा सेंटर शुरू होने से इलाज की क्षमता दोगुनी हो जाएगी, जिससे मौजूदा व्यवस्था पर पड़ने वाला दबाव भी कम होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय