ललितपुर में ट्रेन से कटकर महिला और उसके दो बच्चों की मौत
ललितपुर, 27 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले के जाखलौन थाना क्षेत्र में धौरा रेलवे स्टेशन के पास सोमवार को एक महिला और उसके दो बच्चों की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। एक बच्ची बच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और रेलवे की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) ने मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित चौकी प्रभारी विनय कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
सदर क्षेत्राधिकारी (सीओ) अजय कुमार ने बताया कि सोमवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे जाखलौन थाना क्षेत्र के धौर्रा रेलवे स्टेशन के नजदीक एक महिला और उसकी बेटी व बेटे की अज्ञात ट्रेन से कटकर मौत हो गई है। महिला की पहचान दीपा यादव (35), उसकी बेटी शिवांगी (05) और बेटे कृष (02) के रूप में हुई है।
जांच में पता चला है कि धौरा गांव निवासी दीपा (35) की शादी 6 वर्ष पूर्व थाना पाली क्षेत्र के ग्राम चंदेरा निवासी विक्की यादव से हुई थी। दंपति के तीन बच्चे शिवांगी, शुभांगी और छोटा बेटा कृष हैं। शादी के कुछ दिन बाद वह पति और तीन बच्चों के साथ अपने मायके धौरा में रह रही थी। विक्की शराब का लती है और अक्सर शराब पीने के बाद वह मारपीट करता था। इसी से तंग आकर दीपा तीनों बच्चों के साथ धौरा स्टेशन पर पहुंची और ट्रेन के सामने कूद गई। दीपा के साथ ही शिवांगी और बेटे कृष की मौत हो गई. जबकि शुभांगी की जान बच गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

