जौनपुर : यातायात माह शुरू, एसएसपी ने जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी
जौनपुर, 02 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को यातायात माह नवंबर-2026 का शुभारंभ किया गया। पुलिस लाइन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने यातायात जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
पुलिस लाइन से निकली यह रैली जिले के प्रमुख चौराहों, स्कूलों और कॉलेजों तक पहुंचेगी। इसके माध्यम से आम नागरिकों और विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा। रैली में हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, नशे की हालत में वाहन न चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने तथा सड़क पर स्टंटबाजी से दूर रहने का संदेश दिया जाएगा।
एसएसपी ने बताया कि यातायात माह के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। प्रेशर हॉर्न का प्रयोग करने, तेज गति से वाहन चलाने, स्टंटबाजी करने तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों का चालान करने के साथ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा जिले के प्रमुख कस्बों, बाजारों और संकरे मार्गों पर लगने वाले जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए भी विशेष प्रयास किए जाएंगे। यातायात व्यवस्था को सुगम और सुव्यवस्थित बनाने के साथ आमजन को जाम से राहत दिलाना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।
जौनपुर पुलिस ने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने तथा अपने परिवार के सदस्यों और बच्चों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी यातायात, प्रतिसार निरीक्षक, प्रभारी यातायात समेत पुलिस एवं यातायात पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी, एनसीसी कैडेट्स और आम नागरिक मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

