home page

वाराणसी में गौदोलिया पहुंचाने वाले ऑटो संचालक के पास नहीं है व्यवस्थित स्टैंड

 | 
वाराणसी में गौदोलिया पहुंचाने वाले ऑटो संचालक के पास नहीं है व्यवस्थित स्टैंड


वाराणसी, 31 मार्च(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में गौदोलिया क्षेत्र अंतर्गत ऑटो स्टैंड के प्रकरण को लेकर जिला प्रशासन लाख प्रयासों के बाद भी यह समस्या बनी हुई है। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और घाटों पर आने वाले पर्यटकों की संख्या को देखते हुए गौदोलिया क्षेत्र में ऑटो संचालन बेहद आवश्यक है लेकिन अभी भी ऑटो वालों के पास व्यवस्थित स्टैंड नहीं है।

गौदोलिया क्षेत्र में एक किलोमीटर की परिधि में ऑटो का प्रवेश वर्जित होने के बावजूद गोदौलिया चौराहे को जोड़ने वाली सड़कों पर अवैध रूप से ऑटो को खड़ा किया जाता है। गिरिजाघर के पीछे विपिन बिहारी इंटर कॉलेज के समीप अवैध रूप से ऑटो को खड़ा देखा जा सकता है। वहीं जंगमबाडी मठ के सामने ऑटो के जमावड़े को भी देख सकते हैं।

यातायात पुलिस उपायुक्त अनिल कुमार ने गोदौलिया को लेकर एक मास्टर प्लान बनाया था, जिसमें ऑटो वालों को बेनिया बाग और लक्सा में रोकने की उनकी प्लानिंग थीं। इस संबंध में मंगलवार को यातायात पुलिस उपायुक्त ने कहा कि यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से चलती रहे, इसके लिए मैदागिन चौराहा, लक्सा चौराहा, बेनिया बाग पर स्टॉपेज बनाया गया है। फिर भी कुछ ऑटो वाले गलियों से होते हुए गोदौलिया तक पहुंचाने की कोशिश करते हैं। इसकी जांच होगी और उसके बाद कार्रवाई भी की जाएगी।

वही ऑटो संचालकों का कहना है कि करीब 50 हजार से ज्यादा लोगों का प्रतिदिन गोदौलिया आना होता है और इसके लिए उनके पास सबसे सुलभ साधन ऑटो ही है। ऑटो को बुक करने के बाद ऑटो चालक उन्हें मंदिर के निकट या घाट के निकट अथवा गौदोलिया चौराहे के आसपास पहुंचाते हैं। बनारस घूमने आने वाला हर पर्यटक उनके लिए देवतुल्य हैं और वह उनकी सुविधा के लिए कार्य करते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद