home page

प्रदेश में कानून-व्यवस्था बनाए रखने वाली सरकार 2027 के चुनाव के बाद भी रहेगी कायम : जयवीर सिंह

 | 
प्रदेश में कानून-व्यवस्था बनाए रखने वाली सरकार 2027 के चुनाव के बाद भी रहेगी कायम : जयवीर सिंह


फिरोजाबाद, 20 अक्टूबर (हि.स.)। प्रदेश सरकार के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने मंगलवार को कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाए रखने वाली भाजपा सरकार 2027 के विधानसभा चुनाव के बाद भी कायम रहेगी। उन्होंने दावा किया कि 2017 से पहले प्रदेश में शासन करने वालों को जनता फिर मौका नहीं देगी।

उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह मंगलवार को फिरोजाबाद में थे। वह यहां शिकोहाबाद में अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा की ओर से आयोजित दशहरा मिलन समारोह, हवन और शस्त्र पूजन कार्यक्रम में शामिल हुए।

इस दौरान उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कहा कि प्रदेश की जनता अत्याचारी सरकार को दोबारा सत्ता नहीं सौंपेगी। उन्होंने वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में शासन करने वालों को फिर मौका नहीं मिलने का दावा करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कानून-व्यवस्था कायम रहने की बात कही।

मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि दशहरा असत्य पर सत्य, अनीति पर नीति और अत्याचार पर सदाचार की विजय का प्रतीक है। भगवान श्रीराम ने अधर्म पर विजय प्राप्त कर समाज को सत्य और न्याय का संदेश दिया था। इस पर्व पर सभी को संकल्प लेना चाहिए कि अन्याय और शोषण के शिकार लोगों को न्याय मिले। साथ ही सभी वर्गों और धर्मों के लोगों को समान अवसर प्राप्त हों। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था बनाए रखने वाली सरकार 2027 के विधानसभा चुनाव के बाद भी कायम रहेगी।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव की ओर से भाजपा पर विपक्षी मतदाताओं के वोट कटवाने और अपने समर्थकों के वोट बढ़वाने के आरोपों पर मंत्री ने कहा कि वास्तविक और वैध मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में बने रहेंगे, जबकि अवैध नाम हटाए जाएंगे।

जयवीर सिंह ने कहा कि निर्वाचन आयोग पारदर्शिता के साथ मतदाता सूची तैयार कर रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रदेश को पारदर्शी मतदाता सूची मिलेगी। पर्यटन मंत्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा।

कार्यक्रम में अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के विभिन्न राज्यों से आए पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़