home page

टिकैत की पुण्यतिथि पर किसानों ने लिया जल-जंगल-जमीन बचाने का संकल्प

 | 
टिकैत की पुण्यतिथि पर किसानों ने लिया जल-जंगल-जमीन बचाने का संकल्प


मीरजापुर, 15 मई (हि.स.)। भारतीय किसान यूनियन के संस्थापक चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत की 15वीं पुण्यतिथि शुक्रवार को अहरौरा क्षेत्र के इमिलियाचट्टी स्थित श्यामनाथ जूनियर हाईस्कूल में मनाई गई। इस दौरान किसानों ने जल, जंगल और जमीन बचाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत हवन-पूजन और पुष्पांजलि से हुई। इसके बाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं को शरबत वितरित किया गया। बैठक में किसानों ने हाल में आए आंधी-तूफान से हुई जनधन की क्षति का सर्वे कराकर मुआवजा देने की मांग उठाई। साथ ही टूटे बिजली पोल और तारों की मरम्मत कर जल्द विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग की।

किसान नेताओं ने सोनबरसा पुल से अदलहाट तक जरगो नहर की क्षतिग्रस्त सड़क के निर्माण और बेलहर राजवाहा की टूटी पटरी की मरम्मत कराने की भी मांग की। किसानों ने सहकारी समितियों पर खरीफ सीजन के लिए डीएपी, यूरिया, पोटाश और धान बीज उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई।

भाकियू के प्रदेश उपाध्यक्ष सिद्धनाथ सिंह ने कहा कि जून माह में हरिद्वार में राष्ट्रीय चिंतन शिविर आयोजित होगा, जिसमें अधिक से अधिक किसानों से शामिल होने की अपील की गई।

इस मौके पर प्रहलाद सिंह, अनिल सिंह, परशुराम मौर्य, वीरेंद्र सिंह समेत कई किसान नेता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा