home page

गुरु पूर्णिमा पर सक्तेशगढ़ में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, ड्रोन से होगी निगरानी

 | 
गुरु पूर्णिमा पर सक्तेशगढ़ में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, ड्रोन से होगी निगरानी


मीरजापुर, 28 जुलाई (हि.स.)। गुरु पूर्णिमा पर्व के अवसर पर 29 जुलाई को चुनार थाना क्षेत्र स्थित श्री परमहंस आश्रम, सक्तेशगढ़ में होने वाले विशाल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। उत्तर प्रदेश समेत राजस्थान, हरियाणा, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार सहित विभिन्न राज्यों से 10 से 12 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में पूरे मेला क्षेत्र को पांच जोन और 14 सेक्टर में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन और सेक्टर में वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की निगरानी में पुलिस, पीएसी और यातायात पुलिस की तैनाती की गई है। आश्रम परिसर, दर्शन मार्ग, भंडारा स्थल, पार्किंग, प्रमुख संपर्क मार्ग और सिद्धनाथ दरी क्षेत्र समेत सभी संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल लगाया गया है।

भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए पूरे मेला क्षेत्र की ड्रोन कैमरों से लगातार निगरानी की जाएगी। कंट्रोल रूम से ड्रोन की लाइव फीड पर वरिष्ठ अधिकारी नजर रखेंगे। किसी भी संदिग्ध गतिविधि, आपात स्थिति या अव्यवस्था की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम तत्काल कार्रवाई करेगी, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम दर्शन की सुविधा मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा