हाइवा की चपेट में आने से मां, बेटे और नातिन की मौत
- हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव रखकर किया चक्काजाम, ओवरलोड वाहनों पर रोक लगाने की मांग
मीरजापुर, 01 नवंबर (हि.स.)। जमालपुर थाना क्षेत्र के जिवनाथपुर-कंचनपुर स्टेट हाईवे पर डोहरी गांव के पास रविवार शाम तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आने से बाइक सवार मां, बेटे और दो वर्षीय नातिन की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीण ओवरलोड वाहनों का आवागमन बंद कराने की मांग कर रहे थे।
भड़ेवल गांव निवासी 16 वर्षीय नीतिश बियार अपनी मां श्यामरती देवी (60) और दो वर्षीय भांजी अंकिता को बाइक से लेकर चंदौली जिले के पिपरिया गांव स्थित ननिहाल जा रहा था। डोहरी तिराहे के पास तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक को टक्कर मार दी और तीनों को कुचल दिया। हादसे में नीतिश और अंकिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल श्यामरती देवी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जमालपुर ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया।
घटना से नाराज ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। सूचना पर उपजिलाधिकारी चुनार अनेग सिंह व क्षेत्राधिकारी गायत्री यादव
मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे ओवरलोड वाहनों पर रोक लगाने की मांग पर अड़े रहे। हाइवा चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
नीतिश अपने पिता का इकलौता बेटा था। उसकी तीन बड़ी बहनें हैं। वह देवकली इंटर कॉलेज में कक्षा नौ का छात्र था। अंकिता एक सप्ताह पहले ही इसहुल, चंदौली स्थित अपने घर से ननिहाल भड़ेवल आई थी।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

