हस्ताक्षरों में दिखी नारी शक्ति की ताकत, छात्राओं ने लिया संकल्प
मीरजापुर, 17 अप्रैल (हि.स.)। जीडी बिनानी पीजी कॉलेज में शुक्रवार को नारी शक्ति वंदन अधिनियम-2026 के समर्थन में छात्राओं ने उत्साह के साथ बड़ा हस्ताक्षर अभियान चलाया। राष्ट्रीय सेवा योजना, एनसीसी और रोवर्स रेंजर्स के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई।
अभियान के दौरान सैकड़ों छात्राओं ने हस्ताक्षर कर महिला सशक्तिकरण के प्रति अपना समर्थन जताया। इसके बाद छात्राओं, महिला पुलिसकर्मियों और महाविद्यालय की महिला प्राध्यापकों ने एक साथ शपथ लेकर नारी सम्मान और अधिकारों की रक्षा का संकल्प लिया। पूरे परिसर में जागरूकता और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कार्यवाहक प्राचार्य प्रोफेसर वंदना मिश्रा ने की। सह-संयोजक डॉ. राम मोहन अस्थाना ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को नीति निर्माण में भागीदारी देने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है और यह उनके सशक्तिकरण का मजबूत आधार बनेगा। कार्यक्रम में प्रोफेसर राज मोहन शर्मा, प्रोफेसर सुशील कुमार त्रिपाठी, श्री शमीम, कु. दिव्या, सरिता, अंकिता सिंह और ओम प्रकाश पांडे समेत कई शिक्षक व कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन एवं आभार डॉ. राम मोहन अस्थाना ने किया। बड़ी संख्या में छात्राओं की भागीदारी ने यह संदेश दिया कि अब नारी सिर्फ भागीदार नहीं, बल्कि बदलाव की अगुवाई करने को तैयार है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

