जहरीले जंतु के काटने से किशोरी की मौत
मीरजापुर, 07 अक्टूबर (हि.स.)। चुनार थाना क्षेत्र के सक्तेशगढ़ चौकी अंतर्गत नुनौटी गांव में मंगलवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में 14 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। परिजनों ने जहरीले जंतु के काटने की आशंका जताई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
नुनौटी निवासी संजय कुमार की पुत्री स्नेहा मंगलवार रात अपनी मां के कमरे में अलग चारपाई पर सो रही थी। देर रात उसकी तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने देखा कि उसके पैर से खून निकल रहा था। परिजन उसे पहले झाड़-फूंक के लिए ले गए। हालत में सुधार नहीं होने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चुनार ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन ने पुलिस को सूचना दी।
सक्तेशगढ़ चौकी प्रभारी महेंद्र यादव ने बताया कि परिजनों ने जहरीले जंतु के काटने की आशंका जताई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

