home page

गैस सिलेंडर भरवाने के लिए रुपये न मिलने पर किशोर ने खाया विषाक्त पदार्थ, मौत

 | 
गैस सिलेंडर भरवाने के लिए रुपये न मिलने पर किशोर ने खाया विषाक्त पदार्थ, मौत


मीरजापुर, 04 जुलाई (हि.स.)। राजगढ़ थाना क्षेत्र के चिखुरिया गांव में शनिवार को एक किशोर की विषाक्त पदार्थ के सेवन करने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया।

चिखुरिया गांव निवासी प्रीतम (12) गांव के पास नहर किनारे स्थित शराब की दुकान के समीप अंडा और मछली का चखना बेचता था। शुक्रवार रात उसकी दुकान पर लगे गैस सिलेंडर की गैस समाप्त हो गई। शनिवार सुबह उसने सिलेंडर भरवाने के लिए अपनी मां से रुपये मांगे, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण मां रुपये नहीं दे सकी। इसी बात से नाराज होकर प्रीतम ने घर में रखा विषाक्त पदार्थ खा लिया। कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और उसे उल्टी-दस्त शुरु हाे गए। परिजन पहले उसे एक निजी अस्पताल ले गए, लेकिन हालत गंभीर होने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजन शव को घर ले गए और पुलिस को सूचना दिए बिना अंतिम संस्कार कर दिया।

राजगढ़ थाना प्रभारी बालमुकुंद मिश्र ने बताया कि इस संबंध में पुलिस को कोई सूचना नहीं मिली है। सूचना मिलने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा