घर में फंदे से लटकी मिली किशोरी, अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
- परिजन ने किसी पर नहीं लगाया आरोप, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
मीरजापुर, 06 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के हलिया थाना क्षेत्र के हथेड़ा गांव में गुरुवार को एक 14 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकने के बाद मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार हथेड़ा गांव निवासी रामसागर ने तहरीर देकर बताया कि उनकी 14 वर्षीय पोती सत्यभामा मानसिक रूप से अस्वस्थ रहती थी। गुरुवार को परिवार के सभी सदस्य धान की रोपाई के लिए खेत गए हुए थे। घर लौटने पर उन्होंने देखा कि किशोरी ने कच्चे मकान की बड़ेर में रस्सी के सहारे फंदा लगा लिया था।
परिजन तत्काल उसे नीचे उतारकर उपचार के लिए अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद घटना की सूचना हलिया पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि परिजन की लिखित तहरीर के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। परिजन ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

