home page

सीएम योगी के सामने जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप में यूपी टीम ने 36 साल बाद जीता स्वर्ण पदक

 | 
सीएम योगी के सामने जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप में यूपी टीम ने 36 साल बाद जीता स्वर्ण पदक


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह

गोरखपुर, 21 मई (हि.स.)। गोरखपुर का रामगढ़ताल गुरुवार को उत्तर प्रदेश रोइंग के इतिहास में सुनहरे अध्याय का साक्षी बना। 46वीं जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप के आखिरी दिन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में मेजबान उत्तर प्रदेश की बालक क्वाड्रपल स्कल टीम ने 36 साल के सूखे को खत्म किया और स्वर्ण जीता।

इस वर्ग के फाइनल में जैसे ही यूपी के रोइंग खिलाड़ियों की नाव ने फिनिशिंग लाइन पार की, पूरा रामगढ़ताल मुख्यमंत्री की मौजूदगी में तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। मुख्यमंत्री ने खुद इस रोमांचक मुकाबले का गवाह बनते हुए खिलाड़ियों के इस ऐतिहासिक प्रदर्शन की सराहना की और उनका हौसला बढ़ाया। बालक क्वाड्रपल स्कल में यूपी के दीपक कुमार, यश कुमार यादव, हरिनाथ यादव व प्रवीण कुमार ने अपना सब कुछ झोंक दिया और पहले स्थान पर रहे। इस स्वर्ण के चलते यूपी को बालक वर्ग में तीसरा स्थान मिला। इससे पहले 1990 में लखनऊ में हुई राष्ट्रीय जूनियर चैंपियनशिप में बालक पेयर्स में हरपाल सिंह व नफीस अहमद की जोड़ी ने रजत पदक जीता था।

बालक क्वाड्रपल स्कल में केरल के गौतम कृष्णा, आगस्टिन, तलवार सिंह व एचएम नायर की टीम को रजत पदक और आर्मी ब्वायज स्पोर्ट्स कंपनी के अर्णव रावत, दिलशाद खान, प्रथमेश व गगनदीप सिंह को कांस्य पदक मिला। चैंपियनशिप के बालक वर्ग में आर्मी ब्वायज स्पोर्ट्स कंपनी दो स्वर्ण, एक रजत व एक कांस्य के साथ और बालिका वर्ग में मध्य प्रदेश ने दो स्वर्ण, एक रजत व एक कांस्य के साथ चैंपियनशिप ट्रॉफी जीती।

मुख्यमंत्री ने बालिका डबल स्कल के फाइनल को भी देखा जिसमें महाराष्ट्र की शिवरानी कटेरिया व आरुषी बरार ने स्वर्ण पदक जीता जबकि मध्य प्रदेश की वंशिका साहू व प्रियंका ने रजत व मणिपुर की एल रोशबिना देवी व स्वेयिया हैसनाम ने कांस्य पदक जीता। फाइनल के अन्य मुकाबलों में बालिका सिंगल स्कल में मध्य प्रदेश की संतोष यादव ने स्वर्ण, ओडिशा की नेहा ने रजत व महाराष्ट्र की इश्वरी ने कांस्य पदक जीता।

बालक काक्सलेस पेयर्स में हरियाणा के नितिन व करन शहरान ने स्वर्ण, आर्मी ब्वायज स्पोर्ट्स कंपनी के नितिन कुमार व जसवंत सिंह ने रजत व मध्य प्रदेश के अयान यादव व अनुराग वर्मा ने कांस्य पदक जीता। बालिका क्वाड्रुपल स्कल में केरल की अनालिया विल्सन, लाया विनोज, एंजल मैरी थामस, हरिप्रिया विनेश की चौकड़ी ने स्वर्ण पदक जीता। ओडिशा की शिवानी, स्मृति इक्का, प्रतिज्ञा जेना व रितुरानी ने रजत एवं आरएफआई -हिमाचल की अनामिका ठाकुर, तनिष्का ठाकुर, अर्चिता नेगी व श्रेया ठाकुर ने कांस्य पदक जीता।

बालक काक्सलेस पेयर्स में आर्मी ब्वायज स्पोर्ट्स कंपनी के इशू सतपाल, संदीप सांगवान, मोहित, सागर की टीम ने स्वर्ण, हरियाणा के अरमान, नितिन, अरमान लोहान, गगन ने रजत और मध्य प्रदेश के राज कमारिया, श्लोक डांगी, हरिओम, अरुण गुर्जर ने कांस्य पदक जीता। बालक डबल स्कल में आर्मी ब्वायज स्पोर्ट्स कंपनी के राजन व प्रतीक निषाद ने स्वर्ण पदक जीता। मध्य प्रदेश के ऋषभ व तनीश ने रजत पदक हासिल किया। बालक सिंगल स्कल में हरियाणा के सक्षम ने स्वर्ण, आसाम के फरहान अली ने रजत और झारखंड के शुकलाल टूडू ने कांस्य पदक जीता।

बालिका काक्सलेस पेयर्स में हरियाणा की महक, अनुष्का, कुशल चहल व अदिति मलिक की टीम ने स्वर्ण पदक जीता जबकि केरल की अनुष्का मैरी, अश्वथ कृष्णन, मित्रानंदा एमएस, देवेंद्र केपी की टीम ने रजत व मध्य प्रदेश की पूनम, प्रतीक्षा, मेघना व प्रतिज्ञा ने कांस्य पदक अपने नाम किया।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय