माध्यमिक शिक्षक संघ का जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालयों पर धरना दो मई काे, मुख्यमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन सौंपेंगे
लखनऊ, 30 अप्रैल(हि.स.)। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेशव्यापी संघर्ष अभियान के अंतर्गत 02 मई को प्रदेश के सभी जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालयों पर धरना होगा। धरना के समापन पर प्रदेश के सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय में कार्यरत शिक्षक-शिक्षिकाओं की समस्याओं से युक्त ज्ञापन जिला विद्यालय निरीक्षक के माध्यम से मुख्यमंत्री को प्रेषित किया जाएगा। इसी के साथ जिला संगठन द्वारा जनपद स्तरीय समस्याओं का ज्ञापन जिला विद्यालय निरीक्षक एवं वित्त एवं लेखा अधिकारी को प्रेषित किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रादेशिक उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता डा. आर.पी. मिश्र, महामंत्री नरेंद्र कुमार वर्मा, जिलाध्यक्ष अनिल शर्मा एवं जिला मंत्री महेश चंद्र ने गुरुवार को बताया कि मुख्यमंत्री को प्रेषित किए जाने वाले ज्ञापन में चयन बोर्ड अधिनियम की धारा 18 एवं 21 की वापसी, पुरानी पेंशन की बहाली, वित्तविहीन विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों को समान कार्य के लिए समान वेतन दिए जाने, 22 मार्च, 2016 की राजाज्ञा से आच्छादित शिक्षकों को पुरानी पेंशन का लाभ दिए जाने, वंचित तदर्थ शिक्षकों का विनियमितीकरण आदि प्रमुख मांगे सम्मिलित है।
जिला विद्यालय निरीक्षक को प्रेषित किए जाने वाले जनपद स्तरीय ज्ञापन में विशेष कैम्प के माध्यम से शिक्षकों के अवशेषों की अनुमन्यता एवं भुगतान, एनपीएस के खातों को अपडेट किया जाना तथा एनपीएस के सेवानिवृत शिक्षकों को पेंशन एवं अन्य देयकों का भुगतान, शिक्षक एवं शिक्षिकाओं के चयन एवं प्रोन्नत वेतनमान की स्वीकृति आदि प्रमुख मांगे सम्मिलित हैं।
शिक्षक नेताओं ने बताया कि लखनऊ में जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर मध्यान्ह 12 बजे से धरना होगा एवं धरना के समापन अवसर पर सायं तीन बजे जिला विद्यालय निरीक्षक के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया जाएगा। इसी के साथ जनपद स्तरीय समस्याओं का ज्ञापन जिला विद्यालय निरीक्षक तथा वित्त एवं लेखाधिकारी को प्रेषित किया जाएगा।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह

