home page

लखनऊ में 37 शिक्षक-शिक्षिकाओं को मिलेगा राष्ट्रीय शिक्षा प्रहरी सम्मान

 | 
लखनऊ में 37 शिक्षक-शिक्षिकाओं को मिलेगा राष्ट्रीय शिक्षा प्रहरी सम्मान


शैक्षिक संवाद मंच की ओर से 25 एवं 26 अक्टूबर को लखनऊ में समारोह

बांदा, 13 अक्टूबर (हि.स.)। शिक्षा को बाल-सुलभ गतिविधियों, नवाचार और साहित्य से जोड़कर 'विद्यालय बनें आनंदघर' की संकल्पना को साकार करने वाले बेसिक शिक्षकों के स्वप्रेरित रचनात्मक मैत्री समूह शैक्षिक संवाद मंच द्वारा आगामी 25 व 26 अक्टूबर को लखनऊ स्थित एक होटल में दो दिवसीय राष्ट्रीय शैक्षिक संगोष्ठी एवं शिक्षक सम्मान समारोह 2026 का भव्य आयोजन किया जा रहा है। समारोह में 37 शिक्षक-शिक्षिकाओं को राष्ट्रीय शिक्षा प्रहरी सम्मान

2026 प्रदान किया जाएगा।

यह जानकारी शैक्षिक संवाद मंच के संस्थापक प्रमोद दीक्षित मलय ने मंगलवार काे दी। उन्हाेंने बताया कि 25 एवं 26 अक्टूबर को लखनऊ में शैक्षिक संगोष्ठी एवं शिक्षक समारोह का आयोजन किया जा रहा है। द्विदिवसीय संगोष्ठी के विभिन्न सत्रों में शैक्षिक मुद्दों पर विषय विशेषज्ञों एवं साहित्यकारों द्वारा संवाद किया जाएगा। विद्यालयों में वर्ष भर रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से सीखने-सिखाने का आनंदमय शैक्षिक परिवेश रचने वाले चयनित 37 शिक्षक एवं शिक्षिकाओं को राष्ट्रीय शिक्षा प्रहरी सम्मान 2026 प्रदान किया जाएगा। सहभागी शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मान पत्र, स्मृति चिह्न, अंगवस्त्र, मोती-माला एवं शिक्षा साहित्य भेंट की जाएंगी।

राष्ट्रीय शिक्षा प्रहरी सम्मान 2026 से सम्मानित होने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं में लखनऊ से सुनीता वर्मा, अमिता सचान, निशा सिंह, रूबी चौधरी, सारिका श्रीवास्तव एवं कनक, आगरा से प्रज्ञा गौरव एवं ज्योति जैन, अम्बेडकर नगर से विजय शंकर यादव, कानपुर से वत्सला सिंह अक्स, कानपुर देहात से विनीत कुमार मिश्रा एवं प्रतीक्षा त्रिपाठी, मऊ से राजेन्द्र प्रसाद राव एवं मीरा कुमारी, फतेहपुर से सीमा मिश्रा एवं डॉ. सुनील कुमार तिवारी, वाराणसी से विन्ध्येश्वरी प्रसाद 'विन्ध्य', डॉ. श्रवण कुमार गुप्त एवं डॉ. अरविन्द कुमार द्विवेदी, उन्नाव से रेखा कुशवाहा एवं प्रीति भारती, रामपुर से नीलम रानी सक्सेना, गाजीपुर से रिम्पू सिंह 'सुभाषिनी', बांदा से रामकिशोर पांडेय एवं इंसाफ अली, कन्नौज से गुंजन भदौरिया, कौशाम्बी से सत्यप्रकाश, हरदोई से मंजू वर्मा, शाहजहांपुर से अमिता शुक्ला, इटावा से दाऊ दयाल वर्मा एवं अनुराधा दोहरे, गोरखपुर से दुर्गेश्वर राय एवं दीप्ति राय 'दीपांजलि', हापुड़ से ऋतु श्रीवास्तव, रुचिता पांडेय एवं पारुल प्रियम तथा हरियाणा के रेवाड़ी जनपद से अशोक कुमार आर्य शामिल हैं।

इस दो दिवसीय राष्ट्रीय आयोजन में शिक्षा, साहित्य, विज्ञान और कला जगत की मूर्धन्य हस्तियां बतौर अतिथि सहभागिता कर शिक्षकों का मार्गदर्शन एवं उत्साहवर्धन करेंगी, जिनमें शिव मोहन यादव एनसीईआरटी, नई दिल्ली, कमलेश जोशी शिक्षाविद एवं लेखक, लखनऊ, जलज कुमार वर्मा एकलव्य फाउंडेशन भोपाल, ज़ाकिर अली रजनीश विज्ञान कथाकार लखनऊ, बाल विज्ञान खोजशाला कौशाम्बी से सुरेन्द्र कुमार एवं प्रयागराज से राजेन्द्र कुमार तथा लखनऊ की प्रख्यात रंगकर्मी रंजीता सचदेव हैं। यह आयोजन शिक्षकों के अकादमिक व व्यावहारिक शैक्षिक समझ के संवर्धन का एक जीवंत माध्यम बनेगा, जिसमें लेखन कार्यशाला, भाषा व गणित शिक्षण सत्र, नवाचारी अनुभव कथन, विशेषज्ञ परिचर्चा, विज्ञान प्रयोग प्रदर्शन, दीवार पत्रिका निर्माण, काव्य संध्या तथा पुस्तक विमोचन जैसे रचनात्मक सत्र सम्पन्न होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह