home page

शिक्षक व्यक्तित्व और भविष्य का निर्माता : कुलपति, संकायाध्यक्षों का हुआ सम्मान

 | 
शिक्षक व्यक्तित्व और भविष्य का निर्माता : कुलपति, संकायाध्यक्षों का हुआ सम्मान


मीरजापुर, 05 सितंबर (हि.स.)। माँ विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय में शनिवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर गरिमापूर्ण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महान शिक्षाविद् एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इस दौरान उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को स्मरण करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. शोभा गौड़ ने कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान देने वाला नहीं, बल्कि विद्यार्थी के व्यक्तित्व, चरित्र और भविष्य का निर्माण करने वाला मार्गदर्शक होता है। राष्ट्र के विकास और सशक्त समाज के निर्माण में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

शिक्षक दिवस पर विश्वविद्यालय की ओर से विभिन्न संकायों के संकायाध्यक्षों को उनके शैक्षणिक एवं प्रशासनिक योगदान के लिए कुलपति प्रो. शोभा गौड़ ने सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में शिक्षा संकायाध्यक्ष प्रो. भवभूति मिश्र, समाज विज्ञान संकायाध्यक्ष प्रो. अशोक सिंह, विधि संकायाध्यक्ष प्रो. गौरी शंकर द्विवेदी, विज्ञान संकायाध्यक्ष प्रो. देवेंद्र पाण्डेय, कृषि संकायाध्यक्ष प्रो. सूबेदार यादव तथा वाणिज्य संकायाध्यक्ष प्रो. राज मोहन शर्मा शामिल रहे।

कुलपति ने सभी संकायाध्यक्षों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके दायित्वों की सराहना की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता और अकादमिक विकास में संकायाध्यक्षों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

कार्यक्रम का संचालन परीक्षा नियंत्रक हरीश चंद ने किया। उन्होंने शिक्षक दिवस की प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए सभी के प्रति आभार जताया। इस अवसर पर सहायक कुलसचिव अखिलेश कुमार मिश्र समेत विश्वविद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी संकायाध्यक्षों ने शिक्षण परंपरा, गुरु-शिष्य संबंध और शिक्षा के महत्व पर विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का समापन आभार ज्ञापन और राष्ट्रगान के साथ हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा